ग्वालियर का हॉकी सितारा अक्षय बांग्लादेश में दिखा रहा कमाल

ग्रीन डेल्टा इंश्योरेंस प्रीमियर डिवीजन हॉकी लीग में कर रहा शानदार प्रदर्शन

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। मैं अब बिल्कुल फिट हूं। हॉकी मैदान में वापसी के साथ ही एक बार फिर से मेरे सपनों को पंख लग चुके हैं। अभी मेरा लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश हॉकी फेडरेशन द्वारा आयोजित ग्रीन डेल्टा इंश्योरेंस प्रीमियर डिवीजन हॉकी लीग 2023-24 में अपनी टीम विक्टोरिया स्पोर्टिंग क्लब को चैम्पियन बनाना है। यह कहना है ग्वालियर के हॉकी सितारे मिडफील्डर अक्षय अवस्थी का।

जिसे पुश्तैनी खेल हॉकी से लगाव होता है, वह इस खेल की बेहतरी के लिए मिले अवसरों का न केवल लाभ उठाता है बल्कि अपने तथा अपने माता-पिता के सपनों को भी साकार करता है। ग्वालियर का हॉकी सितारा 24 वर्षीय अक्षय अवस्थी इन दिनों बांग्लादेश हॉकी फेडरेशन द्वारा आयोजित ग्रीन डेल्टा इंश्योरेंस प्रीमियर डिवीजन हॉकी लीग में विक्टोरिया स्पोर्टिंग क्लब की तरफ से जौहर दिखा रहा है। यह हॉकी लीग सात मार्च से बांग्लादेश के मौलाना भशानी स्टेडियम, ढाका में चल रही है। 27 अप्रैल को इस लीग का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

हॉकी सितारे अक्षय अवस्थी ने दूरभाष के माध्यम से खेलपथ को बताया कि 11 टीमों की ग्रीन डेल्टा इंश्योरेंस प्रीमियर डिवीजन हॉकी लीग में उनकी टीम विक्टोरिया स्पोर्टिंग क्लब का प्रदर्शन काफी अच्छा चल रहा है। चोट के बाद मैदान में हुई वापसी से मैं काफी खुश हूं। इस लीग में खेलने से मुझे लाभ मिल रहा है। अक्षय का कहना है कि हर खिलाड़ी की तरह मेरा भी सपना है कि मैं पूरी तरह से लय में लौटने के बाद मध्य प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम इंडिया में जगह बनाऊं। अक्षय का कहना है कि बांग्लादेश में चल रही यह हॉकी लीग हमारे भविष्य का रास्ता खोल सकती है।       

 

रिलेटेड पोस्ट्स