सबसे अच्छे शुभचिंतक होते हैं माता-पिता और गुरुः अंजली गुप्ता

दर्पण मिनी स्टेडियमः करिश्मा हाउस ने जीता हॉकी प्रदर्शन मुकाबला

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। दर्पण मिनी स्टेडियम में कुछ तो है। जो वहां जाता है सुविधाविहीन मैदान में निखर रही हॉकी प्रतिभाओं का जुनून और उल्लास देख सम्मोहित हो जाता है। इस मैदान की उपलब्धियों की फेहरिस्त बहुत लम्बी है। सच कहा जाए तो प्रशिक्षकद्वय अविनाश भटनागर और संगीता दीक्षित ने यहां धूल में फूल खिलाए हैं। इन फूलों की महक प्रदेश ही नहीं देश भी महसूस कर रहा है।

बुधवार को इस मैदान में मृगनयनी की पदाधिकारी अंजलि गुप्ता बत्रा और भाजपा नेत्री तृप्ति भटनागर की उपस्थिति में होनहार प्रतिभाओं ने अपना हॉकी कौशल दिखाया और उनकी शाबासी लूटी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्थानीय दर्पण मिनी स्टेडियम में बुधवार को इशिका चौधरी हाउस एवं करिश्मा यादव हाउस के बीच प्रदर्शन हॉकी मैच खेला गया। इस मुकाबले में करिश्मा हाउस के खिलाड़ी अमन वाल्मीकि ने मैच के नवें मिनट में मैदानी गोल कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। उत्तरार्ध में इशिका चौधरी हाउस के अहान शर्मा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

मैच के अंतिम समय में करिश्मा यादव हाउस के ध्रुव शर्मा ने शानदार मैदानी गोलकर अपनी टीम को 2-1 से विजय दिला दी। मुकाबला समाप्ति के बाद मुख्य अतिथि अंजली गुप्ता बत्रा ने सभी खिलाड़ियों से अपने माता-पिता और गुरु का सम्मान करने की सीख दी। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल की प्रशंसा करते हुए कहा की दर्पण मिनी स्टेडियम ने कई अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं। आप सभी एक दिन प्रदेश एवं देश का नाम जरूर रोशन करोगे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेत्री तृप्ति भटनागर ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के प्रभारी हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका आभार माना। अतिथियों का स्वागत संगीता दीक्षित, पुष्पेंद्र सिंह, नंदिता शर्मा, खुशी चौरसिया, वंश श्रीवास्तव आदि ने किया।

रिलेटेड पोस्ट्स