मध्य प्रदेश की लड़कियों ने जीती स्कूल नेशनल हॉकी चैम्पियनशिप

अण्डर 14 के खिताबी मुकाबले में हरियाणा को 5-0 से किया पराजित

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। सोमवार को मध्य प्रदेश की हॉकी बेटियों ने हरियाणा को 5-0 से पराजित कर 67वीं अण्डर-14 नेशनल हॉकी चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया। खिताबी मुकाबले में नौशीन ने दो तथा केशर, मनप्रीत और मानसी ने एक-एक गोल किया। इस चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश की हॉकी बेटियां अजेय रहीं।

एक समय था जब हरियाणा महिला हॉकी में सिरमौर हुआ करता था लेकिन मध्य प्रदेश सरकार ने पुश्तैनी खेल हॉकी के उत्थान की दिशा में जो बेमिसाल काम किए उसके परिणाम आज सबके सामने हैं। किसी भी आयु वर्ग की महिला हॉकी प्रतियोगिता हो, मध्य प्रदेश की हॉकी बेटियां अपनी चपलता और दमखम से खिताब दर खिताब जीत रही हैं। ग्वालियर में हुई 67वीं अण्डर-14 नेशनल हॉकी चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले में उम्मीद थी कि हरियाणा और मध्य प्रदेश के बीच कांटे का मुकाबला होगा लेकिन एमपी की बेटियों ने इसे एकतरफा बनाते हुए हरियाणा को 5-0 से पराजित कर चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली।

मध्य प्रदेश की इस उपलब्धि का श्रेय ग्वालियर में संचालित महिला हॉकी एकेडमी के मुख्य प्रशिक्षक परमजीत सिंह बरार के कुशल नेतृत्व और उनके सहायक प्रशिक्षकों को जाता है। इस हॉकी की पाठशाला में हर उम्र की बेटियां सुबह-शाम अपना खेल कौशल निखारते देखी जा सकती हैं। हरियाणा और मध्य प्रदेश के बीच सोमवार को हुए खिताबी मुकाबले का पहला हाफ गोलरहित रहा लेकिन दूसरे हाफ के 18वें मिनट में मध्य प्रदेश की केशर ने शानदार मैदानी गोल कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके आठ मिनट बाद मनप्रीत ने शानदार मैदानी गोल दागा और मध्य प्रदेश को 2-0 की अग्रता दिला दी।

मुकाबले का तीसरा हाफ भी मध्य प्रदेश की हॉकी बेटियों के नाम रहा। इस हाफ के 33वें मिनट में नौशीन ने जहां पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला वहीं 34वें मिनट में मानसी ने मैदानी गोल दागकर स्कोर 4-0 कर दिया। मुकाबले का पांचवां और अंतिम गोल 40वें मिनट में हुआ। इस गोल का श्रेय नौशीन को जाता है जिन्होंने शानदार पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए हरियाणा की गोलकीपर को छकाते हुए गोल दागा और अपनी टीम को 5-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।

खिताबी मुकाबले के चौथे हॉफ में हरियाणा की खिलाड़ियों ने कुछ अच्छे मूव बनाए लेकिन मध्य प्रदेश की रक्षापंक्ति को नहीं भेद पाईं। इस तरह मध्य प्रदेश ने हरियाणा को 5-0 से पराजित कर चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली। खिताब जीतने के बाद मध्य प्रदेश की बेटियों ने कहा कि हम लोग खुश हैं क्योंकि इस खिताबी जीत से हॉकी प्रेमियों को अपनी बेटियों पर जरुर नाज हुआ होगा। इस चैम्पियनशिप में कुल 43 मुकाबले हुए और मध्य प्रदेश की हॉकी बेटियां अजेय रहीं।

   

रिलेटेड पोस्ट्स