महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली की पहली हार

गेंदबाजों के दम पर मुंबई इंडियंस ने लगाई जीत की हैटट्रिक
खेलपथ संवाद
मुम्बई।
महिला प्रीमियर लीग के सातवें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आठ विकेट से जीत हासिल की। गुरुवार (नौ मार्च) को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उसका यह निर्णय गलत साबित हुआ। टीम 18 ओवर में 105 रन पर सिमट गई। जवाब में मुंबई ने 15 ओवर में दो विकेट पर 109 रन बनाकर मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
मुंबई की टीम तीन मैचों में तीन जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। उसके छह अंक हैं। दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स को टूर्नामेंट में तीन मैचों में पहली हार का सामना करना पड़ा। वह तीन मैचों में दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। उसके चार अंक हैं। यूपी वॉरियर्स और गुजरात जाएंट्स को दो-दो अंक हैं। बेहतर नेट रनरेट से यूपी की टीम तीसरे स्थान पर है। गुजरात चौथे और एक भी मैच नहीं जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की पांचवें पायदान पर है।
मुंबई के लिए इस मैच में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। सायका इशाक, इस्सी वोंग और हीली मैथ्यूज ने तीन-तीन विकेट लिए। उसके लिए पूजा वस्त्राकर ने एक विकेट हासिल किया। उसके बाद बल्लेबाजी में यास्तिका भाटिया ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। हीली मैथ्यूज ने 32 रनों का योगदान दिया। नताली सीवर 23 और कप्तान हरमनप्रीत कौर 11 रन बनाकर नाबाद रहीं।
दिल्ली के लिए लैनिंग ने बनाए सर्वाधिक रन
इससे पहले दिल्ली के लिए कप्तान मेग लैनिंग ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्ज ने 25 और राधा यादव ने 10 रनों का योगदान दिया। इन तीनों को अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी। एलिस कैप्सी छह और तानिया भाटिया चार रन बनाकर आउट हुईं। शेफाली वर्मा, मरिजान कैप और जेस जोनासेन दो-दो रन ही बना सकीं। मिन्नू मणी और तारा नौरिस खाता नहीं खोल सकीं। शिखा पांडे ने नाबाद चार रन बनाए। मुंबई का अगला मुकाबला 12 मार्च को यूपी वॉरियर्स से होगा। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की टीम 11 मार्च को गुजरात जाएंट्स के खिलाफ उतरेगी।

 

रिलेटेड पोस्ट्स