विश्व कप की मेजबानी करना गर्व का विषयः योगी आदित्यनाथ

यूपी सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हॉकी विश्व कप ट्रॉफी के लखनऊ आगमन पर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि विश्व कप की मेजबानी करना भारत के लिए गर्व का विषय है। यूपी सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि ओडिशा में 13 से 29 जनवरी तक होने वाली इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहेगी। कहा कि भगवान जगन्नाथ की पावन भूमि ओडिशा में होने वाले विश्व कप की मेजबानी के लिए आज पूरा देश उत्सुक है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में यह हॉकी महाकुंभ विश्व के लिए भारत की अतिथि देवो भव: की भावना से साक्षात्कार का सुअवसर भी होगा।
जहां तक हॉकी में भारतीय टीम के प्रदर्शन का सवाल है तो ओलम्पिक में हमने आठ स्वर्ण पदक जीते हैं। हॉकी में यूपी ने मेजर ध्यानचंद, केडी सिंह बाबू समेत तमाम खिलाड़ी दिए हैं। प्रदेश के वर्तमान खेल निदेशक आरपी सिंह स्वयं हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं। यूपी सरकार द्वारा खेलों के प्रोत्साहन के क्रम में ओलम्पिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के पदक विजेताओं की शासकीय सेवा का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
महिला हॉकी में लखनऊ ने मारी बाजी
अमर उजाला और खेल निदेशालय की ओर से मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में बुधवार को लखनऊ और गोरखपुर मंडल की टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में निर्धारित समय में दोनों ही टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद अयोजकों ने पेनाल्टी शूट आउट का निर्णय लिया। पेनाल्टी शूट आउट में भी दोनों टीमें बराबर रहीं। सडनडेथ नियम से किए गए फैसले में लखनऊ की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल मुकाबला अपने नाम किया।

 

रिलेटेड पोस्ट्स