991 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए दिया अपना नाम

87 जगह ही खाली, कोच्चि में लगेगी बोली
नई दिल्ली।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 23 दिसम्बर को कोच्चि में होगी। नीलामी के लिए 991 खिलाड़ियों ने अपना नाम दिया है। इनमें भारत के सबसे ज्यादा 714 क्रिकेटर हैं। भारत के अलावा 14 अन्य देशों के खिलाड़ियों ने भी रजिस्ट्रेशन कराया है। अब फ्रेंचाइजियां इस सूची में से नीलामी के लिए खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट करेंगी।
विदेशी खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज्यादा 57 हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के 52 खिलाड़ियों ने अपना नाम दिया है। इस बार नीलामी में ज्यादा खिलाड़ी नहीं बिक पाएंगे। 87 खिलाड़ियों के लिए ही जगह खाली है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से जारी विज्ञप्ति में सचिव जय शाह ने कहा, ‘अगर हर फ्रेंचाइजी अपनी टीम में अधिकतम 25 खिलाड़ियों को शामिल करती हैं तो इस नीलामी में कुल 87 खिलाड़ियों के लिए बोली लगेगी। इसमें 30 विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं।’ खिलाड़ियों की सूची में 185 कैप्ड (राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके), 786 अनकैप्ड और एसोसिएट देशों के 20 खिलाड़ी हैं। इस सूची में 604 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी हैं, जिसमें से 91 इससे पहले भी आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं।
किस देश के कितने खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशनः भारत 714, ऑस्ट्रेलिया 57, दक्षिण अफ्रीका 52, वेस्टइंडीज 33, इंग्लैंड 31, न्यूजीलैंड 27, श्रीलंका 23, अफगानिस्तान 14, आयरलैंड 14, नीदरलैंड 7, बांग्लादेश 6, जिम्बाब्वे 6, नामीबिया 5, स्कॉटलैंड 2.

रिलेटेड पोस्ट्स