ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल की दौड़ में बरकरार

अफगानिस्तान को चार रन से हराया, श्रीलंका बाहर
एडिलेड।
टी20 वर्ल्ड कप का 38वां मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच एडिलेड में खेला गया। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 168 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 164 रन ही बना सकी। उसे चार से हार का सामना करना पड़ा। जो भी हो राशिद खान ने 48 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर कंगारुओं को सकते में डाल दिया था।
ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में खेले गए रोमांचक मैच में अफगानिस्तान को चार रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदों को कायम रखा है। उसके पांच मैच में सात अंक हो गए हैं। न्यूजीलैंड के भी पांच मैच में सात अंक हैं। वह बेहतर नेट रनरेट के आधार पर ऑस्ट्रेलिया से आगे है। एक समय अफगानिस्तान की जीत तय लग रही थी लेकिन 14वें ओवर में अफगानिस्तान के तीन विकेट गिरे। पहली गेंद पर गुलबदीन नायब रनआउट हो गए। उन्होंने 23 गेंद पर 39 रन बनाए। इस दौरान तीन चौके और दो छक्के लगाए। उनके बाद अगली गेंद पर एडम जैम्पा ने इब्राहिम जादरान को मिचेल मार्श के हाथों कैच कराया। जादरान ने 33 गेंद पर 26 रन बनाए। उन्होंने दो चौके लगाए। इसी ओवर की चौथी गेंद पर अफगानिस्तान को पांचवां झटका लगा। नजीबुल्लाह जादरान को जैम्पा ने ग्लेन मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। नजीबुल्लाह दो गेंद पर खाता नहीं खोल पाए। 
अफगानिस्तान की टीम को छठा झटका मोहम्मद नबी के रूप में लगा। कप्तान नबी दो गेंद पर एक रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर वॉर्नर को कैच थमा बैठे। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ 20 ओवर में आठ विकेट पर 168 रन बनाए। कंगारू टीम के लिए विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने सबसे ज्यादा नाबाद 54 रन बनाए। उन्होंने 32 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए। मैक्सवेल के अलावा मिचेल मार्श ने 30 गेंद पर 45 रनों की पारी खेली। डेविड वॉर्नर और मार्कस स्टोइनिस ने 25-25 रनों का योगदान दिया। कप्तान मैथ्यू वेड ने छह, स्टीव स्मिथ ने चार और कैमरून ग्रीन ने तीन रन बनाए। केन रिचर्डसन ने एक और एडम जम्पा ने नाबाद एक रन बनाए। पैट कमिंस खाता नहीं खोल पाए। अफगानिस्तान के लिए नवीन उल हक ने तीन और फजहलहक फारूकी ने दो विकेट लिए। राशिद खान और मुजीब उर रहमान को एक-एक सफलता मिली।

 

रिलेटेड पोस्ट्स