पहलवान अमन की जांबाजी से स्पेन में जय हिन्दुस्तान

अंडर-23 वर्ल्ड चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाला पहला भारतीय
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत युवाओं का देश है। हमारे युवा ऐसे कारनामे अंजाम दे रहे हैं जिन्हें देखकर दुनिया अचम्भित है। हाल ही पहलवान अमन सेहरावत ने वह कर दिखाया जोकि इससे पहले कोई भारतीय पहलवान नहीं कर सका था। इस युवा ने अंडर-23 वर्ल्ड रेसलिंग चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल जीत दिखाया।
भारतीय युवा रेसलर अमन सहरावत ने स्पेन में अंडर-23 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता और इतिहास रच दिया। 18 साल के अमन ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम स्पर्धा के फाइनल में तुर्की के पहलवान अहमत डूमन के खिलाफ 12-4 से जीत के साथ यह अविश्वसनीय उपलब्धि हासिल की। यहां तक ​​कि इस टूर्नामेंट में ओलम्पिक पदक विजेता बजरंग पूनिया और रवि दहिया ने इससे पहले रजत पदक जीते थे।
अमन ने इससे पहले प्री-क्वार्टर में श्रीलंका की हंसाना मदुशंका को 11-0 से और क्वार्टर फाइनल में जापान के तोशिया आबे को 13-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। सेमीफाइनल में, उन्होंने किर्गिस्तान के बेकजत अल्माज को 10-5 से हराकर अपना पदक पक्का किया तो फाइनल में इसे गोल्ड में बदल दिया। अण्डर-23 विश्व चैम्पियनशिप में भारत का ये छठा पदक था।
अमन के गोल्ड मेडल के साथ अंकुश ने महिला कुश्ती की 50 किलोग्राम स्पर्धा में रजत पदक जीता। मानसी अहलावत ने महिला कुश्ती 59 किलोग्राम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता, जबकि नितेश और विकास ने ग्रीको-रोमन शैली में क्रमशः 97 किलोग्राम और 72 किलोग्राम स्पर्धा में कांस्य पदक जीते। इस बीच, साजन भानवाला इससे पहले अंडर -23 विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवान बने।

 

रिलेटेड पोस्ट्स