वेंकटेश अय्यर ने गेंद और बल्ले से किया धमाका

देवदत्त पडिक्कल का तूफानी शतक
उत्तर प्रदेश की जीत से शुरुआत
नई दिल्ली।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के नए सीजन की शुरुआत मंगलवार (11 अक्टूबर) को हुई। पहले दिन कई स्टार खिलाड़ियों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया, तो कुछ ने निराश किया। वहीं, कुछ मैच बारिश के कारण नहीं हो सके। केरल, दिल्ली, मुंबई, ओडिशा, बड़ौदा, गोवा, मेघालय, उत्तराखांड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, विदर्भ, पंजाब, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ ने जीत से शुरुआत की।
भारत के लिए खेल चुके बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल, ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर और ओपनर बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने शानदार प्रदर्शन किया। पडिक्कल ने कर्नाटक की ओर से खेलते हुए तूफानी शतक लगाया। उन्होंने 62 गेंद की पारी में 124 रन बनाए। इस दौरान 14 चौके और छह छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा। अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे ने 38 गेंद पर 50 रन बनाए। कर्नाटक ने 20 ओवर में दो विकेट पर 215 रन बनाए। जवाब में महाराष्ट्र की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 116 रन ही बना सकी। कर्नाटक की टीम 99 रनों से जीत गई।
देवदत्त पडिक्कल के बाद बात करें वेंकटेश अय्यर की। हार्दिक पांड्या के फिट होने के बाद टीम इंडिया से बाहर हुए वेंकटेश ने मध्य प्रदेश के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले बल्लेबाजी में धमाकेदार अर्धशतक लगाया। अय्यर ने 31 गेंद की पारी में नाबाद 62 रन बनाए। इस दौरान पांच चौके और चार छक्के लगाए। मध्य प्रदेश ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 173 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम 19.2 ओवर में 135 रन पर ढेर हो गई। वेंकटेश ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में कमाल दिखाया। उन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर छह विकेट लिए। मध्य प्रदेश ने 38 रनों से जीत हासिल की।
पृथ्वी का अर्धशतक, रहाणे फेल
मुंबई ने मिजोरम को नौ विकेट से हरा दिया। मिजोरम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 98 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम ने 10.3 ओवर में एक विकेट पर 103 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। ओपनर पृथ्वी शॉ ने 34 गेंद पर ताबड़तोड़ 55 रन बनाए। वह अंत तक नाबाद रहे। अमन खान ने 22 गेंद पर नाबाद 39 रन बनाए। कप्तान अजिंक्य रहाणे सात गेंद पर नौ रन बनाकर आउट हो गए। मुंबई के लिए धवल कुलकर्णी ने चार ओवर में 16 रन देकर दो विकेट लिए।
क्रुणाल पांड्या का नहीं चला बल्ला
एक अन्य मैच में बड़ौदा ने नगालैंड को सात विकेट से हरा दिया। क्रुणाल पांड्या ने चार ओवर में 11 रन लदिए। उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। बल्लेबाजी में वह आठ गेंद पर आठ रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान अंबाती रायुडू ने नाबाद 10 रन बनाए। वहीं, हरियामा ने सेना को रोमांचक मुकाबले में एक रन से हरा दिया। स्टार ऑलराउंडर राहुल तेवतिया सिर्फ छह रन बना सके। गेंदबाजी में उन्होंने दो ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिए।
उत्तर प्रदेश ने पुडुचेरी को हराया
बारिश से प्रभावित मैच में उत्तर प्रदेश ने जीत के साथ शुरुआत की। उसने पुडुचेरी को 10 विकेट से हरा दिया। 18.3 ओवर में पुडुचेरी की टीम 94 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में वीजेडी मेथड से उत्तर प्रदेश को 83 रन का लक्ष्य मिला। उसने 12.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के 88 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। करन शर्मा ने नाबाद 41 और आर्यन जुयाल ने नाबाद 43 रन बनाए। उत्तर प्रदेश के लिए शिवम मावी और शिवा सिंह तीन-तीन विकेट लिए। शिवम शर्मा ने भी दो विकेट लिए। यश दयाल और कार्तिक त्यागी को एक-एक सफलता मिली।

रिलेटेड पोस्ट्स