रोहित शर्मा बने सबसे अधिक जीत दर्ज करने वाले कप्तान

महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा
तिरुवनन्तपुरम।
भारत ने तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से हरा दिया। तिरुवनन्तपुरम में खेले गए इस मुकाबले को अपने नाम कर टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। कप्तान रोहित शर्मा का इस मैच में बल्ला नहीं चला। वह शून्य पर आउट हो गए, लेकिन रोहित ने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा। रोहित एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं।
रोहित ने 2022 में 16 टी20 मैच अपनी कप्तानी में जीते हैं। धोनी ने 2016 में 15 मुकाबलों में जीत हासिल की थी। भारत ने इस साल अब तक 21 टी20 खेले हैं। रोहित ने फरवरी में वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ आठ मैच जीतकर साल की शुरुआत की थी। इसके बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ दो, वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक मैच जीतने में सफल रहे।
केएल राहुल की बात करें तो इस मैच में उन्होंने 56 गेंद खेलकर 51 रन बनाए। उनकी इस पारी में चार छक्के और दो चौके शामिल थे। हालांकि, इस मैच में उन्होंने एक अनाचाहा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। लोकेश राहुल ने इस मैच में टेस्ट खेलने वाले देशों के बल्लेबाजों में टी20 का सबसे धीमा अर्धशतक लगाया। वह भारत के लिए सबसे धीमी 50 से ज्यादा रन की पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए। टीम इंडिया के इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका था, जब किसी बल्लेबाज ने 50 से ज्यादा रन बनाए, लेकिन उसका स्ट्राइक रेट 100 से कम था।
लोकेश राहुल ने इस मैच में 91.07 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इससे पहले गौतम गंभीर ने 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 56 रन बनाए थे। इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 93.3 का था। इससे पहले भी भारत के लिए टी20 में सबसे धीमा अर्धशतक गौतम गंभीर ने ही लगाया था। उन्होंने 2009 में बांग्लादेश के लिए 50 रन बनाए थे। इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 108.7 का था। 2014 में रोहित शर्मा ने 112 और विराट कोहली ने 114 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली थी।

रिलेटेड पोस्ट्स