विश्व पुलिस खेलों में डॉ. कश्मीर सिंह का कमाल

71 साल की उम्र में गोल्फ में जीता रजत पदक
एम्सटरडैम।
रिटायर्ड आईपीएस अफसर डॉक्टर कश्मीर सिंह ने नीदरलैंड में कमाल दिखाया है। नीदरलैंड में चल रहे वर्ल्ड पुलिस और फायर गेम्स में उन्होंने रजत पदक जीता है। उन्होंने गोल्फ इवेंट में मेडल जीता। कश्मीर सिंह ने 71 साल की उम्र में रजत पदक अपने नाम किया। 
वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में इस बार भारत के 30 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह सभी सरकारी पैसे पर नहीं बल्कि अपने पैसे पर नीदरलैंड में टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। दरअसल, यह इवेंट साल 2021 में ही होने वाला था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते इसे टालना पड़ा। वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स टूर्नामेंट 1984 से हर दो साल के अंतराल पर आयोजित होती है।
नीदरलैंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में 70 देशों के एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन 22 जुलाई से शुरू हुआ। कश्मीर सिंह से पहले हेड कांस्टेबल संतोष शर्मा ने वर्ल्ड पुलिस एवं फायर गेम्स में कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने फाइनल में जर्मनी की खिलाड़ी को 10-2 से हराया था।
वहीं, नोएडा पुलिस में तैनात कांस्टेबल गगन कुमार ने बैडमिंटंन चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने न सिर्फ देश का गौरव बढ़ाया है बल्कि यूपी पुलिस की लोकप्रियता भी पूरी दुनिया में बढ़ा दी। इसके अलावा कुश्ती में बबीता नागर ने भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। भारत की तरफ से 68 किलोग्राम में प्रतिनिधित्व करते हुए फाइनल में फिलीपींस की खिलाड़ी को 10-0 से हरा दिया। ग्रेटर नोएडा के सादुल्लापुर की रहने वाली बबीता नागर दिल्ली पुलिस में एसआई के पद पर तैनात हैं।
कादमा के दम्पति प्रदीप व रितु ने जीते गोल्ड मेडल
गांव कादमा निवासी प्रदीप कुमार व उनकी पत्नी रितु ने नीदरलैंड में आयोजित वर्ल्ड पुलिस फायर गेम्स की अलग-अलग स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीत कर नया इतिहास रचा है। इस दम्पति के बेहतरीन प्रदर्शन पर गांव में खुशी का माहौल है। नीदरलैंड में वर्ल्ड पुलिस खेलों में भारत समेत 63 देशों ने भागीदारी की है। हिंदुस्तान के एथलेटिक्स की तरफ से भागीदारी करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के उप निरीक्षक प्रदीप कुमार कादमा ने हाईजम्प स्पर्धा में 8 देशों के खिलाड़ियों को मात देते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं उनकी पत्नी व दिल्ली पुलिस की सिपाही रितु ने डिस्कस थ्रो में गोल्ड अपने नाम किया।

रिलेटेड पोस्ट्स