नोबॉल पड़ी महंगी, भारत विश्व कप से आउट

आखिरी गेंद पर जीता दक्षिण अफ्रीका
क्राइस्टचर्च।
आखिरी ओवर में फेंकी गई नोबॉल ने मैच की तस्वीर पलट दी और दक्षिण अफ्रीका से ‘करो या मरो’ के मुकाबले में अंतिम गेंद पर तीन विकेट से हारकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को आईसीसी विश्व कप से बाहर हो गई। 
जीत के लिए 275 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका को आखिरी ओवर में सात रन की जरूरत थी। दीप्ति शर्मा के इस ओवर की दूसरी गेंद पर तृषा शेट्टी रन आउट हो गईं। अगली दो गेंद पर दो रन बने, लेकिन पांचवीं गेंद पर मिगनोन डु प्रीज (63 गेंद में नाबाद 52 रन) ने लांग ऑन पर कैच थमा दिया। तब दक्षिण अफ्रीका को एक गेंद पर तीन रन की जरूरत थी। यह गेंद हालांकि नोबॉल निकली और अब उसे दो गेंद पर दो रन की जरूरत थी, जो आसानी से बन गए। 
इससे पहले शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना और संभवत: अपना आखिरी मैच खेलने वालीं कप्तान मिताली राज के अर्धशतकों की मदद से भारत ने सात विकेट पर 274 रन बनाये। भारतीय कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शेफाली (46 गेंद में 53 रन) और स्मृति (84 गेंद में 71 रन) ने 90 गेंद में 91 रन की साझेदारी की, जबकि हरमनप्रीत कौर ने आखिर में 57 गेंद में 48 रन बनाये। 
दक्षिण अफ्रीका के लिए लौरा वोल्वार्ट ने 79 गेंद में 80 और लारा गुडाल ने 69 गेंद में 49 रन बनाकर दूसरे विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी की। भारत को झूलन गोस्वामी के अनुभव की कमी बहुत खली, जो बाजू की मांसपेशी में खिंचाव के कारण नहीं खेल सकीं। हरमनप्रीत ने सलामी बल्लेबाज लिजेले ली (छह) को रन आउट किया था। उन्होंने वोल्वार्ट और सुने लुस (22) के भी विकेट लिये। भारत का क्षेत्ररक्षण ढीला रहा।

रिलेटेड पोस्ट्स