धोनी की नजर शाहरुख खान पर

आखिरी गेंद पर छक्का लगाने वाली शाहरुख की पारी देखते माही का फोटो वायरल
फैंस बोले- चेन्नई की तलाश पूरी
चेन्नई।
तमिलनाडु ने कनार्टक को बेहद रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। तमिलनाडु की जीत के हीरो रहे युवा खिलाड़ी शाहरुख खान। शाहरुख ने फाइनल मैच की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को यादगार जीत दिलाई। मैच के बाद IPL फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर किया, जिसमें महेंद्र सिंह धोनी TV पर शाहरुख को छक्का लगाते हुए देख रहे हैं।
चेन्नई ने जैसे ही सोशल मीडिया पर धोनी का यह फोटो शेयर किया, वैसे ही ये तेजी के साथ वायरल हो गया। फैंस ने कमेंट्स करते हुए लिखा कि चेन्नई सुपर किंग्स को नया धोनी मिल गया है। वहीं, कुछ फैंस ने लिखा IPL 2022 के लिए चेन्नई को शाहरुख खान को टारगेट करना चाहिए।
शाहरुख अभी IPL में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं। इस साल जब पंजाब किंग्स और CSK का आमना-सामना हुआ था, तब मैच के बाद शाहरुख खान को महेंद्र सिंह धोनी से टिप्स लेते भी देखा गया था। शाहरुख लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए जाने जाते हैं। साथ ही वे धोनी की तरह बढ़िया फिनिशर भी माने जाते हैं और CSK को भी अपनी टीम में फिलहाल एक फिनिशर की जरूरत है।
पंजाब ने 5.25 करोड़ की बड़ी रकम दी थी शाहरुख को
IPL-14 के ऑक्शन में ऑलराउंडर शाहरुख खान को पंजाब किंग्स ने 5.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। ऑक्शन में उनका बेस प्राइज सिर्फ 20 लाख रुपए था और पंजाब के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स ने भी उन्हें अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन अंत में पंजाब किंग्स बाजी मारने में कामयाब रही।
अगले साल IPL में दो नई टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं, जिसके लिए इस साल के अंत में मेगा ऑक्शन भी किया जाएगा। पंजाब किंग्स अगर शाहरुख खान को रिटेन नहीं करती है तो चेन्नई सुपर किंग्स जरूर उन पर दांव लगा सकती है।
ऐसा रहा सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी का फाइनल
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में कनार्टक ने पहले बैटिंग करते हुए तमिलनाडु के सामने 152 रनों का टारगेट रखा था, जिसे तमिलनाडु ने आखिरी गेंद पर 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। टीम की जीत में विजयी छक्का लगाने वाले शाहरुख खान ने 15 गेंदों पर नाबाद 33 रनों की पारी खेली।

रिलेटेड पोस्ट्स