जयपुर बना भारत का विजयपुर

जीत के साथ शुरू हुआ रोहित-राहुल युग
रोमांचक मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया
सूर्यकुमार यादव ने खेली 62 रनों की पारी
जयपुर।
जयपुर में खेले गए पहले टी-20 मैच में टीम इंडिया ने आखिरी ओवर में रोमांचक जीत दर्ज करते हुए न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही राहुल-रोहित के युग की शुरूआत भी हो गई है। रवि शास्त्री के कोचिंग और विराट कोहली के टी-20 टीम की कप्तानी से हटने के बाद पहली बार दोनों ने टीम के कोच और कप्तान की कमान संभाली और पहले ही मैच में टीम को सफलता दिलाई।
टॉस हारकर पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड ने 6 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए थे। मार्टिन गुप्टिल ने (70) और मार्क चैपमैन ने (63) रनों की पारी खेली। भारत के लिए आर अश्विन और भुवनेश्वर कुमार 2-2 विकेट लेने में सफल रहे। 165 रनों के टारगेट को रोहित एंड कंपनी ने 19.4 ओवर के खेल में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। जीत में मैन ऑफ द मैच सूर्यकुमार यादव ने (62) रनों की शानदार पारी खेली।
अंतिम ओवर का रोमांच
आखिरी ओवर में टीम इंडिया को मैच जीतने के लिए 10 रनों की दरकार थी। बॉलिंग पर कीवी कप्तान डेरिल मिचेल थे और बैटिंग पर ऋषभ पंत और वेंकटेश अय्यर थे।
19.1 (वाइड)- पहली गेंद पर वाइड रही और अब भारत को 6 गेंदों पर 9 रन बनाने थे।
19.1 (चौका)- अगली गेंद पर डेब्यू कर रहे वेंकटेश अय्यर ने चौका लगाकर मुकाबले को और रोचक बना दिया।
19.2 (विकेट)- ओवर की दूसरी गेंद पर मिचेल ने वेंकटेश को आउट किया। अब भारत को 4 गेंदों पर 5 रन चाहिए थे।
19.3 (वाइड)- मिचेल ने फिर से वाइड डाली... अब भारत को 4 गेंदों पर 4 रन बनाने थे और अक्षर क्रीज पर थे।
19.3 (सिंगल)- मिचेल ने तीसरी गेंद फिर डाली और अक्षर पटेल ने 1 रन चुराया।
19.4 (चौका)- भारत को अब 3 गेंदों पर 3 रन चाहिए थे, लेकिन पंत ने इस गेंद पर विजय चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई।
रंग में नजर आए रोहित-सूर्या
टारगेट का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 31 गेंदों पर 50 रन जोड़े। इस जोड़ी पर ब्रेक मिचेल सेंटनर ने राहुल (15) को आउट कर लगाया। दूसरे विकेट के लिए NZ के गेंदबाजों को फिर संघर्ष करना पड़ा। रोहित और सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर 59 रन जोड़े। इस साझेदारी को बोल्ट ने रोहित (48) का विकेट लेकर तोड़ा। NZ के लिए तीसरा विकेट भी बोल्ट के खाते में ही आया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव (62) को बोल्ड किया। श्रेयस अय्यर (5) का विकेट टिम साउदी ने हासिल किया। अंतिम ओवर में वेंकटेश अय्यर (4) डेरिल मिचेल की गेंद पर आउट हुए।
रोहित शर्मा ने 5 चौके और दो छक्कों की मदद से 36 गेंदों पर 48 रन बनाए।
सातवीं टी-20I पारी में सूर्यकुमार यादव (62) का ये तीसरा अर्धशतक रहा।
ट्रेंट बोल्ट ने चार ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लिए।
टिम साउदी की भारत के खिलाफ बतौर कप्तान ये लगातार तीसरी हार रही।
टारगेट का पीछा करते हुए भारत की टी-20I में ये 50वीं जीत रही।
गुप्टिल-चैपमैन ने खेली शानदारी पारी
टॉस गंवाकर पहले खेलते हुए कीवी टीम की शुरुआत खराब रही और पारी की तीसरी ही गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने डेरिल मिचेल को गोल्डन डक पर बोल्ड किया। दूसरे विकेट के लिए मार्टिन गुप्टिल और मार्क चैपमैन 77 गेंदों पर 109 रन जोड़कर टीम को पटरी पर लाने का काम किया। इस साझेदारी को आर अश्विन ने चैपमैन (63) को आउट कर तोड़ा। इसी ओवर में उन्होंने ग्लेन फिलिप्स (0) को LBW आउट किया। मार्टिन गुप्टिल ने शानदार पारी खेलते हुए (70) रनों की पारी खेली। गुप्टिल का विकेट दीपक चाहर ने चटकाया।​ टीम इंडिया को 5वीं सफलता भुवनेश्वर कुमार ने टिम साइफर्ट (12) को आउट कर दिलाई।
आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज चोटिल हो गए थे। मिचेल सेंटनर ने पहली ही गेंद पर एक तेज शॉट खेला और गेंद को रोकने के प्रयास में सिराज खुद को चोटिल करा बैठे। गेंद रफ्तार के साथ उनकी उंगली पर लगी, जिसके बाद उनको खून भी निकलने लगा। हालांकि, इसके बाद भी सिराज ने बॉलिंग जारी रखी और 5वीं गेंद पर रचिन रवींद्र (7) को बोल्ड भी किया।
गोल्डन डक (जो खिलाड़ी अपनी पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो जाए)
डेरिल मिचेल 21 टी-20I पारियों में पहली बार शून्य पर आउट हुए।
पावरप्ले तक न्यूजीलैंड का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 41 रन था।
मार्क चैपमैन (63) का T-20I में ये तीसरा अर्धशतक रहा।
मार्टिन गुप्टिल (70) का T-20I में ये 19वां अर्धशतक रहा।

 

रिलेटेड पोस्ट्स