साई के पांच खिलाड़ियों को समय पूर्व पदोन्नति

डिंको सिंह के परिवार को लगभग सात लाख की अनुदान राशि प्रदान की
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, गोलकीपर सविता पूनिया, पैरालम्पिक पदक विजेता मरियप्पन थंगावेलू और शरद कुमार को टोक्यो खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिये भारतीय खेल प्राधिकरण ने समय से पहले पदोन्नति देने का फैसला किया है। इतना ही नहीं दिवंगत मुक्केबाज डिंको सिंह के परिवार को लगभग पांच लाख की अनुदान राशि भी प्रदान की गई।
साई की नियामक इकाई की मंगलवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके अलावा टोक्यो ओलम्पिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली पुरूष टीम के कोच पीयूष दुबे को भी पदोन्नति दी गई है। इसके अलावा साई ने एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और अर्जुन पुरस्कार प्राप्त दिवंगत मुक्केबाज डिंको सिंह के परिवार को एकमुश्त अनुदान के तौर पर छह लाख 87 हजार रूपये देने का फैसला भी किया गया। डिंको का 42 वर्ष की उम्र में इस साल जून में लीवर के कैंसर के कारण निधन हो गया था। साई ने कहा ,‘‘ दिवंगत डिंको सिंह के भारतीय खेलों में योगदान को देखते हुए उनके परिवार को एकमुश्त अनुदान के तौर पर 6.87 लाख रूपये देने का फैसला किया गया है।’’ 
सविता को सहायक कोच से कोच बनाने का फैसला किया गया है। रानी और दुबे को सीनियर कोच बनाया गया है। रानी और सविता ओलम्पिक में चौथे स्थान पर रही भारतीय महिला टीम की सदस्य थीं। मरियप्पन ने टोक्यो पैरालम्पिक में ऊंची कूद में रजत पदक जीता था। उन्हें सीनियर कोच से मुख्य कोच बना दिया गया है वहीं सहायक कोच रहे शरद को कोच बना दिया गया। खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया ,‘‘ टोक्यो ओलम्पियनों और पैरालम्पियनों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए साई की नियामक इकाई की 55वीं बैठक में साई कोच रानी रामपाल, सविता, मरियप्पन थंगावेलू, शरद कुमार और पीयूष दुबे को पदोन्नति देने का फैसला लिया गया है।’’
अन्य फैसलों में 2024 और 2028 ओलम्पिक को ध्यान में रखकर साई और टारगेट ओलम्पिक पोडियम (टॉप्स) योजना सचिवालय के संवर्ग पुनर्गठन का भी फैसला लिया गया ताकि खिलाड़ियों के लिये सहायता तंत्र मजबूत हो सके। साई ने वैज्ञानिक सहायक स्टाफ के 300 अतिरिक्त पदों पर भी नियुक्ति को मंजूरी दे दी जिनमें हाई परफार्मेंस विश्लेषक (138), हाई परफॉर्मेंस निदेशक (23), खेल चिकित्सा डॉक्टर (23), फिजियोथेरेपिस्ट (93) और मालिशिये (104) शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स