भारत फिर स्वर्ण पदक से चूका, तीन रजत पदक जीते

तीरंदाजी विश्व चैम्पियनशिप में ज्योति सुरेखा वेनाम का जलवा
यांकटन (अमेरिका)।
भारतीय तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेनाम को कम्पाउंड महिला व्यक्तिगत फाइनल में बेहद करीबी मुकाबले में कोलंबिया की दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी सारा लोपेज के खिलाफ शिकस्त के साथ यहां विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। 
व्यक्तिगत पुरुष कंपाउंड वर्ग में विश्व कप के तीन बार के स्वर्ण पदक विजेता अभिषेक वर्मा यहां कड़े मुकाबले में नीदरलैंड के दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी माइक स्क्लोसेर के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 147-148 से हार गए। भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने अपने अभियान का अंत तीन रजत पदक के साथ किया। ज्योति भारत की महिला और मिश्रित युगल कंपाउंड तीरंदाजी टीम का भी हिस्सा थीं जिन्हें शुक्रवार को कोलंबिया के खिलाफ एकतरफा हार के साथ रजत पदक मिले थे। भारत को अब भी इस प्रतियोगिता में अपने पहले स्वर्ण पदक की तलाश है। भारत ने इस प्रतियोगिता में अब तक सबसे अधिक 11 बार पोडियम पर जगह बनाई है।

रिलेटेड पोस्ट्स