अभिनव बिंद्रा ने नीरज चोपड़ा को भेंट किया टोक्यो नाम का पिल्ला

पहली बार साथ दिखे दो ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने वाले देश के पहले एथलीट नीरज चोपड़ा ने अभिनव बिंद्रा से मुलाकात की। बिंद्रा ने साल 2008 बीजिंग ओलम्पिक में देश के लिए व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में पहला गोल्ड मेडल हासिल किया था। दोनों स्वर्ण पदक विजेता के बीच मुलाकात शानदार रही। इस दौरान बिंद्रा ने नीरज को एक गोल्डन रिट्रीवर पिल्ला भी तोहफे में दिया। उन्होंने इसका नाम टोक्यो रखा है। 
बिंद्रा ने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी शेयर की है। उन्होंने 23 साल के नीरज को 2024 पेरिस ओलम्पिक के लिए शुभकामनाएं भी दीं। बिंद्रा ने इसके कैप्शन में लिखा- गोल्डन मैन के साथ मिलकर अच्छा लगा। मुझे उम्मीद है कि 'टोक्यो' आपकी मदद करेगा और आपके लिए 2024 में पेरिस नाम के इसके जोड़ीदार की खोज में मदद भी करेगा।
नीरज ने जब गोल्ड मेडल जीता था, तब अभिनव ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी थी। नीरज ने मेडल जीतने के बाद कहा था कि अभिनव बिंद्रा एक ऐसे एथलीट थे, जिन्होंने एकल प्रतियोगिता में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता था। उनके क्लब में शामिल होना एक सपने की तरह है। उन्होंने भारत की सोच बदली है कि हम भी ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीत सकते हैं।
इसके बाद बिंद्रा ने भी जवाब देते हुए लिखा था - प्रिय नीरज आपके शब्दों के लिए धन्यवाद। लेकिन आपकी जीत आपकी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के कारण ही है। यह पल तुम्हारा है! आनंद लें और इसका स्वाद चखें। नीरज ने ओलम्पिक में भालाफेंक प्रतियोगिता के फाइनल में 87.58 मीटर दूर भाला फेंका था। इसकी बदौलत स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

रिलेटेड पोस्ट्स