भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में होगा जूनियर हॉकी विश्व कप

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने किया ऐलान
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर।
नवंबर-दिसंबर में होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2021 के लिए जगह का फैसला हो गया है। ओडिशा के भुवनेश्वर में यह विश्व कप खेला जाएगा। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इसकी घोषणा की। भुवनेश्वर का कलिंगा स्टेडियम 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक विश्व कप की मेजबानी करेगा।
गुरुवार को भुवनेश्वर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा- हाल ही में हॉकी इंडिया ने राज्य सरकार से संपर्क किया था और हॉकी विश्व कप का समर्थन करने के लिए कहा था। इस तरह के आयोजन के लिए इतने कम समय का नोटिस देना चिंता का विषय है। 
नवीन पटनायक ने कहा- चूंकि, देश की प्रतिष्ठा दांव पर है, इसलिए हम तुरंत समर्थन करने के लिए सहमत हो गए। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि कलिंगा स्टेडियम, जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी करेगा। सीएम ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा की उपस्थिति में विश्व कप के लिए लोगो और ट्रॉफी का भी अनावरण किया।
सीएम ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारतीय हॉकी की संभावनाओं को लेकर वह बहुत उत्साहित हैं। कलिंगा स्टेडियम में ही जनवरी 2023 में सीनियर हॉकी विश्व कप भी खेला जाएगा। यह देश में हॉकी के विकास को और गति प्रदान करेगी।
सीएम ने कहा कि, 'ओडिशा भारतीय हॉकी की सफल यात्रा का हिस्सा बना रहेगा। हमने पहले ही घोषणा कर दी है कि हम अगले 10 वर्षों के लिए भारतीय राष्ट्रीय टीम का समर्थन करेंगे।' भुवनेश्वर में 2018 में भी पुरुष हॉकी विश्व कप खेला गया था। 
भारत जूनियर हॉकी विश्व कप का डिफेंडिंग चैंपियन है। पिछली बार 2016 में भारत ने लखनऊ के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में प्रतियोगिता के फाइनल मैच में बेल्जियम को 2-1 से हराया था। इस बार के जूनियर पुरुष विश्व कप में 16 टीमें हिस्सा लेंगी।
इसमें मेजबान भारत समेत छह यूरोप, चार एशिया, दो अफ्रीका, दो ओशिनिया और दो पैन अमेरिका की टीमें शामिल होंगी। इन 16 टीमों में से यूरोपीय की छह टीमें पहले से ही इस टुर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं, जर्मनी, इंग्लैंड, नीदरलैंड, स्पेन, बेल्जियम और फ्रांस की टीम पहले ही इस टुर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।

रिलेटेड पोस्ट्स