हरमिलन और ऐश्वर्या का दबदबा, दोनों ने जीते दोहरे खिताब

राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 
खेलपथ संवाद
वारंगल।
राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में हरमिलन बैंस का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। पंजाब की हरमिलन बैंस ने 60वीं ओपन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 800 मीटर दौड़ में शीर्ष पर रहते हुए टूर्नामेंट का अपना दूसरा खिताब जीता। इससे पहले उन्होंने 1500 मीटर में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। 23 वर्षीय हरमिलन ने इससे पहले जून में पटियाला में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैम्पियनशिप में भी 800 और 1500 मीटर का खिताब अपने नाम किया था। 
अन्य मुकाबले में रेलवे की ऐश्वर्या ने भी त्रिकूद में स्वर्ण पदक हासिल किया, यह 24 घंटे के अंदर उनका दूसरा गोल्ड है। इससे पहले वह महिलाओं की ऊंची कूद में भी शीर्ष स्थान पर रही थीं। खास बात यह है कि उन्होंने इन दोनों स्पर्धाओं को इस साल भारतीय खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ अपने नाम किया। उन्होंने शुक्रवार को ऊंची कूद में 6.52 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण जीता था। शनिवार को उन्होंने त्रिकूद में रेणु ग्रेवाल (13।51 मीटर) को चार सेमी से पछाड़ कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
सेना के एथलीटों ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ और 50 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धाओं में शीर्ष तीन खिताब अपने नाम किए। इससे पहले शुक्रवार को 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी उन्होंने शीर्ष तीन स्थान हासिल किया था। मोहम्मद अफजल ने 800 मीटर फाइनल में अंकेश चौधरी और कृष्ण कुमार से आगे निकल स्वर्ण पदक हासिल किया।

रिलेटेड पोस्ट्स