नीरज ने खेली हॉकी तो कप्तान मनप्रीत ने फेंका भाला

खिलाड़ियों में दिखी जुगलबंदी
खेलपथ संवाद
जालंधर।
टोक्यो ओलम्पिक में शानदार प्रदर्शन कर स्वदेश लौटे भारतीय खिलाड़ियों के सम्मान में रोजाना नए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें भी देश को एथलेटिक्स में पहला गोल्ड मेडल दिलाने वाले भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा से हर कोई मिलने को बेताब है। मंगलवार को जालंधर में आयोजित एक कार्यक्रम में एक बार फिर से नीरज ने सभी का दिल जीता। नीरज के अलावा कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह और अन्य खिलाड़ी भी मौजूद रहे। 
कार्यक्रम में नीरज ने भाला छोड़कर हॉकी थाम ली तो मनप्रीत के हाथों में हॉकी की बजाय भाला था। इस दौरान सभी खिलाड़ी आपस में हॉकी खेलते नजर आए। यही नहीं नीरज ने मनप्रीत और वहां मौजूद नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत को भाला फेंकना सिखाया। गौरतलब है कि टोक्यो में आयोजित ओलम्पिक खेलों में नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में देश को गोल्ड मेडल दिलाया था। वह ओलम्पिक में एथलेटिक्स में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय भी बने। वहीं पुरुषों की हॉकी टीम ने भी इतिहास रचा। टीम ने मनप्रीत सिंह की अगुवाई में 41 साल बाद ओलम्पिक पदक हासिल किया।  

रिलेटेड पोस्ट्स