मुक्केबाजी में बेटियों ने दिखाया दम

एशियाई युवा चैम्पियनशिप में भारत को छह स्वर्ण पदक
नयी दिल्ली।
भारतीय मुक्केबाजों ने दुबई में आयोजित एशियाई युवा चैम्पियनशिप में अपना दबदबा रखते हुए 6 स्वर्ण, नौ रजत और पांच कांस्य पदक जीते। भारत की तरफ से महिला वर्ग में प्रीति दहिया (60 किलोग्राम), स्नेहा कुमारी (66 किलोग्राम), खुशी (75 किलोग्राम) और नेहा (54 किलोग्राम) ने स्वर्ण पदक जीते। 
प्रीति दहिया ने कजाखस्तान की जुल्दिज शायकमेतोवा को 3-2 से हराया, जबकि स्नेहा ने यूएई की रहमा खलफान अलमुर्शिदी को पराजित किया। खुशी ने कजाखस्तान की डाना दीडे को 3-0 से शिकस्त दी। पुरुष वर्ग में विश्व युवा चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता विश्वमित्र चोंगथम (51 किलोग्राम) और विशाल (80 किलोग्राम) ने स्वर्ण पदक जीते। महिलाओं में प्रीति (57 किलोग्राम), खुशी (63 किलोग्राम), तनीषा संधू (81 किलोग्राम), निवेदिता (48 किलोग्राम), तमन्ना (50 किलोग्राम) और सिमरन (52 किलोग्राम) ने रजत पदक हासिल किये। 
पुरुषों के वर्ग में विश्वनाथ सुरेश (48 किलोग्राम), वंशज (63.5 किलोग्राम) और जयदीप रावत (71 किलोग्राम) ने अपना अभियान रजत पदक के साथ समाप्त किया। एक महिला सहित पांच भारतीय मुक्केबाजों ने इससे पहले युवा प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में हारकर कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग में दक्ष (67 किग्रा), दीपक (75 किग्रा), अभिमन्यु (92 किग्रा) और अमन सिंह बिष्ट (92 किग्रा से अधिक) जबकि महिला वर्ग में लशु यादव (70 किलोग्राम) ने कांस्य पदक जीते। भारत ने इससे पहले जूनियर वर्ग में आठ स्वर्ण, पांच रजत और छह कांस्य पदक जीते थे। यह पहला अवसर था जबकि इन दोनों प्रतियोगिताओं को एक साथ आयोजित किया गया था।

रिलेटेड पोस्ट्स