खिलाड़ी सेना और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंः जेएस नैन

दक्षिणी कमान ने नीरज चोपड़ा सहित अन्य ओलम्पियनों को किया सम्मानित
खेलपथ संवाद
पुणे।
टोक्यो में कामयाबी की नई इबारत लिखने वाले भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को पुणे में दक्षिणी कमान ने सम्मानित किया। नीरज के अलावा सर्विसेज के अन्य ओलम्पियनों को भी सम्मानित किया गया। इस बात की जानकारी रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने दी। 
पीआरओ ने ट्वीट कर बताया, दक्षिणी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जेएस नैन ने पुणे में सोमवार को नीरज चोपड़ा सहित सेना के अन्य ओलम्पियनों को सम्मानित किया। नैन ने सभी ओलम्पियनों को अधिक से अधिक सफलता प्राप्त करने लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आप लोग ऐसे ही सेना व राष्ट्र के लिए और अधिक गौरव लाएं।' बता दें कि रविवार को भारतीय सेना में सुबेदार चोपड़ा का पुणे पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 23 अगस्त को पुणे का दौरा करने वाले थे लेकिन वह किसी कारणवश पुणे नहीं जा सके। डिफेंस पीआरओ की तरफ से जारी विज्ञप्ति के अनुसार रक्षा मंत्री अब 27 अगस्त को पुणे का दौरा करेंगे। इसी एएसआई (आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट) में सम्मान समारोह होने की संभावना है। राजनाथ सिंह के पुणे दौरे के दौरान आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट के परिसर में स्टेडियम का नाम 'नीरज चोपड़ा आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट, पुणे छावनी' रखने की संभावना है। विज्ञप्ति के मुताबिक, सिंह सर्विसेज के 16 ओलम्पियनों को भी सम्मानित करेंगे।
हाल ही में संपन्न हुए टोक्यो ओलम्पिक में नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्णिम इतिहास रचा। वह ओलम्पिक में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के पहले एथलीट हैं। उन्होंने भाला फेंक स्पर्था में 87.58 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता था। टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय एथलीटों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में सात पदक जीते थे। यह भारत द्वारा ओलम्पिक में किया गया अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत की ओर से नीरज चोपड़ा, मीराबाई चानू, पीवी सिंधु, रवि दहिया, लवलीना बोरगोहेन, बजरंग पूनिया और भारतीय हॉकी टीम पदक जीतने में सफल रही।

रिलेटेड पोस्ट्स