अमित खत्री ने भारत को दिलाया रजत पदक

10,000 मीटर रेस में किया दमदार प्रदर्शन
नैरोबी।
भारतीय धावक अमित खत्री ने केन्या के नैरोबी में खेली जा रही विश्व अंडर 20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में रजत पदक अपने नाम किया है। अमित ने पुरुषों की 10,000 मीटर रेस वॉक में रजत पदक जीता है। यह भारत का इस चैम्पियनशिप में दूसरा पदक है। इससे पहले मिक्स्ड रिले 4 गुणा 400 मीटर में भारत ने कांस्य पदक जीता था।
अमित अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी हैं। अमित खत्री ने 42 : 17.94 मिनट का समय निकाला। वह कीनिया के हेरिस्टोन वेनिओनी से पीछे रहे जिन्होंने 42:10.84 मिनट में स्वर्ण पदक जीता। अमित रेस में आगे चल रहे थे लेकिन वह ड्रिंक टेबल पर कुछ देर के लिए रुक गए और इसी बीच केन्या के हेरीस्टोन वानयोन्यी आगे निकल गए और फिर उन्होंने भारतीय खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। उनके पास स्वर्ण पदक आया। स्पेन के पॉल मैक्ग्रा 42 मिनट 26.11 सेकेंड का समय निकाल कर कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।
इससे पहले भारत  ने 18 अगस्त को 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले रेस में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। भारत के भरत, कपिल, सुमी और प्रिया मोहन ने 3.20.60 मिनट के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया था। भारतीय एथलीट्स ने सीजन का अपना बेस्ट प्रदर्शन किया। नाइजीरिया को इस इवेंट का गोल्ड और पोलैंड को सिल्वर मेडल मिला। नाइजीरिया को 3:19.70 मिनट और पौलैंड को 3:19.80 मिनट के समय के साथ क्रमश: पहला और दूसरा स्थान मिला। 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले रेस जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पहली ही बार शामिल की गई और भारत ने पहली ही बार में मेडल जीता है। साथ ही भारत ने पहले ही दिन मेडल के साथ अपना खाता खोला।
यह अंडर 20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के इतिहास में भारत का पांचवां ही मेडल था. भारत ने फाइनल में दूसरे सबसे बेहतर समय के साथ जगह बनाई थी. भारतीय एथलीट्स ने हीट के दौरान 3:23.36 मिनट का समय निकाला था. भारत ने इस दौरान चैंपियनशिप रिकॉर्ड तोड़ा था. हालांकि बाद में नाइजीरिया ने दूसरी हीट में 3:21.66 मिनट का समय निकालते हुए भारत के रिकॉर्ड को खत्म कर दिया. भारतीय टीम का प्रदर्शन इस लिहाज से भी अहम है कि मिक्स्ड रिले टीम में शामिल दोनों महिला एथलीट ने फाइनल रेस से पहले दिन में दो बार 400 मीटर रेस में हिस्सा लिया था फिर भी उन्होंने थकान को हावी नहीं होने दिया और भारत को मेडल दिलाया।

रिलेटेड पोस्ट्स