टोक्यो पहुंचा भारतीय पैरा खिलाड़ियों की दल

24 से शुरू होंगे पैरालम्पिक खेल
मरियप्पन थांगवेलू भारत के ध्वजवाहक होंगे
खेलपथ संवाद
टोक्यो।
पैरालम्पिक खेलों के लिए भारतीय दल का पहला जत्था बुधवार को टोक्यो पहुंच गया। टोक्यो पैरालम्पिक खेलों का आयोजन 24 अगस्त से होगा। दरअसल, भारतीय दल का पहला जत्था आज सुबह इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से टोक्यो के लिए रवाना हुआ था। 
पैरालम्पिक में भारत अपने अभियान की शुरुआत 27 अगस्त से करेगा। इस दिन भारतीय पुरुष और महिला तीरंदाज अपने अपने इवेंट्स में हिस्सा लेंगे। टोक्यो रवाना होने से पहले भाला फेंक खिलाड़ी टेक चंद ने कहा, 'मैं पदक जीतने की पूरी कोशिश करूंगा। कुछ बाधाएं थीं लेकिन यह जीवन का हिस्सा है। मैंने उन्हें पार कर लिया। आज मैं देश के लिए खेलने जा रहा हूं।' वहीं, भारतीय पैरालम्पिक समिति (पीसीआई) की अध्यक्ष दीपा मलिक ने कहा कि भारतीय टीम बहुत अच्छी स्थिति में है।
बता दें कि पैरालम्पिक में 4000 से अधिक खिलाड़ी शिरकत करेंगे। 24 अगस्त से पांच सितंबर तक चलने वाले पैरालम्पिक खेलों में भारत का 54 सदस्यीय दल भाग लेगा, जो अब तक का सबसे बड़ा दल है। पैरालम्पिक खेलों की नौ स्पर्धाओं में भारत हिस्सा लेगा। टीम में देवेंद्र झाझरिया (एफ-46 भाला फेंक), मरियप्पन थांगवेलू (टी-63 ऊंची कूद) और विश्व चैम्पियन संदीप चौधरी (एफ-64 भाला फेंक) जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो पदक के दावेदारों में शुमार हैं। 
बता दें कि देश को इस बार पैरालम्पिक खेलों में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद है। एथलीटों के टोक्यो रवानगी से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुभकामनाएं दीं। बता दें कि 2016 के रियो पैरालम्पिक में स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन थांगवेलू भारत के ध्वजवाहक होंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स