पीएम को भेंट की खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली हॉकी स्टिक

ओलम्पिक दल से नाश्ते पर मिले मोदी
नयी दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले की प्राचीर से भारतीय खिलाड़ियों के टोक्यो ओलम्पिक में शानदार प्रदर्शन की सराहना करने के बाद सोमवार को अपने आवास पर भारत के ओलम्पिक दल से नाश्ते पर मुलाकात की। भारतीय खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलम्पिक में एक स्वर्ण समेत सात पदक जीते जो अब तक ओलम्पिक में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 
नीरज चोपड़ा ने भालाफेंक में पीला तमगा जीता जो एथलेटिक्स में भारत का पहला पदक है। मोदी ने चोपड़ा और पी वी सिंधू से नाश्ते के दौरान बातचीत भी की। सिंधू दो ओलम्पिक पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय और पहली महिला खिलाड़ी हैं। वह अपने साथ रियो ओलम्पिक 2016 में जीता रजत पदक भी लाई थी। भारत को 41 साल बाद ओलम्पिक में हॉकी का पदक दिलाने वाली पुरुष हॉकी टीम से भी प्रधानमंत्री ने बात की। टीम ने सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली हॉकी स्टिक प्रधानमंत्री को भेंट की।
प्रधानमंत्री ने कप्तान मनप्रीत सिंह से भी बातचीत की। ओलम्पिक से दो पदक लेकर लौटे कुश्ती दल से भी प्रधानमंत्री ने बातचीत की। टोक्यो ओलम्पिक में पहलवान रवि दहिया ने रजत और बजरंग पूनिया ने कांस्य पदक जीता। भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहली बार ओलम्पिक सेमीफाइनल में जगह बनाई।
अनुशासनात्मक कारणों से निलंबित पहलवान विनेश फोगाट, सीमा बिस्ला, अंशु मलिक और कोच जगमंदर सिंह भी इस मौके पर मौजूद थे। भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने पहले ही दिन रजत पदक जीतकर भारत के अभियान की शुरुआत की थी। मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने कांस्य पदक जीता। प्रधानमंत्री ने टोक्यो ओलम्पिक से लौटे भारतीय खिलाड़ियों से अगले साल 76वें स्वतंत्रता दिवस तक 75 स्कूलों का दौरा करने और कुपोषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ ही स्कूली बच्चों के साथ खेल खेलने का आग्रह किया।

रिलेटेड पोस्ट्स