विनेश ने भारतीय कुश्ती महासंघ से मांगी माफी

विश्व चैम्पियनशिप में खेलना मुश्किल
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
निलम्बित पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) से माफी मांगी, जिसने उन्हें टोक्यो ओलम्पिक के दौरान अनुशासनहीनता के आधार पर प्रतियोगिताओं में भाग लेने पर रोक लगा दी थी। इस माफी के बाद भी इस बात की सम्भावना अधिक है कि भारतीय कुश्ती महासंघ उन्हें आगामी विश्व चैंम्पियनशिप में प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति नहीं देगा।
विनेश टोक्यो ओलम्पिक में क्वार्टर फाइनल में हार कर बाहर हो गई थी। विनेश ने अपने साथी खिलाड़ियों के साथ ठहरने से ही इंकार नहीं किया था बल्कि टूर्नामेंट के दौरान उनके साथ ट्रेनिंग भी नहीं की थी। इसके साथ ही विनेश ने भारतीय दल के आधिकारिक प्रायोजक के बजाय निजी प्रायोजक के नाम का ‘सिंगलेट’ पहना था जिससे डब्ल्यूएफआई ने उन्हें निलम्बित कर दिया था। 
इस मामले पर भारतीय कुश्ती संघ से जुड़े सूत्र ने बताया कि विनेश ने अनुशासन समिति को ईमेल भेजा है, अब देखना होगा कि समिति इससे संतुष्ट होती या नहीं, समिति ही इस पर अंतिम निर्णय लेगी। सूत्र के मुताबिक विनेश पर अस्थाई प्रतिबंध लगाया गया है, हम उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पहलवान विनेश ने हंगरी में अपने कोच वॉलर अकोस से साथ ट्रेनिंग की थी, उसके बाद वहीं से ओलम्पिक में भाग लेने टोक्यो पहुंची थीं। वहां पहुंचने के बाद विनेश ने खेल गांव में रहने से इंकार कर दिया था इसके अलावा भारत के दूसरे सदस्यों के साथ ट्रेनिंग करने से भी मना कर दिया था। विनेश फोगाट से टोक्यो ओलम्पिक में महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में पदक जीतने की काफी उम्मीदें थीं। लेकिन क्वार्टर फाइनल में बेलारूस की पहलवान वैनेसा के खिलाफ मिली हार के बाद उनकी मेडल जीतने उम्मीद टूट गई। 

रिलेटेड पोस्ट्स