अब पैरा खिलाड़ियों का जलवा देखेगा भारत

देवेन्द्र झाझरिया की निगाह गोल्डन तिकड़ी पर
54 सदस्यीय दल टोक्यो में दिखाएगा दम
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
अब भारतीय पैरा खिलाड़ी टोक्यो पैरालम्पिक खेलों में अपना दमखम दिखाएंगे। पैरालम्पिक खेल 24 अगस्त से पांच सितम्बर तक जापान की राजधानी टोक्यो में होंगे। भारतीय पैरा खिलाड़ियों की उपलब्धियों की बात करें तो तीन खिलाड़ी खेल रत्न, सात पद्मश्री और 33 अर्जुन पुरस्कार जीत चुके हैं। भारत ने पैरालम्पिक खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2016 रियो खेलों में किया था जिसमें उसने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीते थे। भारतीय पैरालम्पिक समिति (पीसीआई) अध्यक्ष दीपा मलिक ने रियो में रजत पदक जीता था। 
भारत 24 अगस्त से पांच सितम्बर तक चलने वाले पैरालम्पिक खेलों की नौ स्पर्धाओं में हिस्सा लेगा। टीम में देवेंद्र झाझरिया (एफ-46 भाला फेंक), मरियप्पन थंगावेलू (टी-63 ऊंची कूद) और विश्व चैम्पियन संदीप चौधरी (एफ-64 भाला फेंक) जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो पदक के दावेदारों में शुमार हैं। इससे देश को इस बार पैरालम्पिक खेलों में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद है।
झाझरिया अपने तीसरे पैरालम्पिक स्वर्ण पदक की कोशिश में जुटे हैं। वह 2004 और 2016 में सोने का तमगा जीत चुके हैं। मरियप्पन ने रियो के पिछले चरण में स्वर्ण पदक जीता था, वह 24 अगस्त को उद्घाटन समारोह के दौरान भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे। टोक्यो रवाना होने वाले खिलाड़ी वर्चुअल कार्यक्रम का हिस्सा बने क्योंकि वे कड़े ‘बायो-बबल’ में हैं।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने वीडियो संदेश में कहा, ‘हमारे पैरा एथलीटों की महत्वाकांक्षा और आत्मविश्वास 1.3 अरब भारतीयों को प्रेरणा देता है। उनकी हिम्मत के आगे बड़ी से बड़ी चुनौतियां भी झुक जाती हैं। और वे इसके पूरे हकदार हैं। आगामी खेलों में हमारे पैरा एथलीटों की संख्या पिछले चरण से तीन गुना ज्यादा है। मुझे उनकी काबिलियत पर पूरा भरोसा है। मेरा मानना है कि आपका प्रदर्शन भी पिछली बार से बेहतर होगा।
ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के खिलाड़ियों को टोक्यो ओलम्पिक से पहले और इनके दौरान प्रोत्साहित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ किया और वह पैरा खिलाड़ियों के लिए भी ऐसा ही करेंगे।
दीपा मलिक, अध्यक्ष भारतीय पैरालम्पिक समिति ने कहा कि टोक्यो 2020 पैरालम्पिक में हम पदकों का रिकॉर्ड देखेंगे क्योंकि हमारे खिलाड़ी अपनी फॉर्म के शिखर पर हैं। पीसीआई महासचिव गुरशरण सिंह भारतीय टीम के दल प्रमुख होंगे। भारतीय दल अपना अभियान 27 अगस्त से पुरुष और महिला तीरंदाजी स्पर्धा में शुरू करेगा। बैडमिंटन पैरालम्पिक खेलों में पदार्पण करेगा जिसमें सात भारतीय शटलर हिस्सा लेंगे।
इसमें विश्व रैंकिंग में तीसरे नंबर पर मौजूद आईएएस अधिकारी और गौतम बुद्ध नगर के डीएम सुहास एलवाई भी शामिल हैं जो एसएल-3 वर्ग में हिस्सा लेंगे। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छह बार स्वर्ण और एक बार रजत जीत चुके हैं। टीम के अन्य सदस्यों में प्रमोद भगत, मनोज सरकार, तरुण ढिल्लन और कृष्णा नागर शामिल हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स