केन्या के किपचोगे ने जीता मैराथन का स्वर्ण

सापोरो। केन्या के इलियुड किपचोगे ने आखिरी 12 किलोमीटर में अपनी गति बढ़ाकर टोक्यो ओलम्पिक खेलों की पुरुष मैराथन प्रतियोगिता में रविवार को यहां अपने खिताब का बखूबी बचाव किया। किपचोगे ने उमस भरे मौसम में सापोरो की सड़कों पर दौड़ते हुए दो घंटे, आठ मिनट, 38 सेकंड में दौड़ पूरी करके स्वर्ण पदक जीता। वह नीदरलैंड के रजत पदक विजेता अब्दी नगीये से 80 सेकेंड से भी अधिक समय आगे रहे। 
बेल्जियम के बाशिर अब्दी ने कांस्य पदक जीता। इस प्रतियोगिता के साथ टोक्यो खेलों की ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं का भी समापन हो गया। किपचोगे ओलंपिक की पुरुष मैराथन में एक से अधिक स्वर्ण पदक जीतने वाले तीसरे धावक बन गये हैं। इससे पहले अबेदे बिकिला (1960 और 1964) और वाल्देमर सीरपिन्स्की (1976 और 1980) ने यह कारनामा किया था। किपचोग ने 30 किमी के आसपास से अपनी गति बढ़ायी और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। जब उन्होंने दौड़ समाप्त की तो उनके आसपास कोई दूसरा धावक नहीं था।

रिलेटेड पोस्ट्स