मामूली अंतर से पदक से चूकीं गोल्फर अदिति अशोक

चौथे स्थान पर रहीं
टोक्यो।
टोक्यो ओलम्पिक में भारत की गोल्फर अदिति अशोक गोल्फ स्पर्धा में चौथे दौर में तीन अंडर 68 का स्कोर करके चौथे स्थान पर रहीं। खराब मौसम से प्रभावित चौथा दौर प्रभावित रहा। अदिति का कुल स्कोर 15 अंडर 269 रहा और वो मात्र दो स्ट्रोक्स से चूक गईं। ऐतिहासिक मेडल के करीब पहुंचीं अदिति ने दिन की शुरुआत दूसरे स्थान से की थी लेकिन फिर वह पिछड़ गईं।
2016 के रियो ओलम्पिक में वह 41वें स्थान पर रही थीं। तब गोल्फ की 100 से अधिक वर्षों के बाद ओलम्पिक में वापसी हुई थी। फाइनल राउंड में अदिति ने 5वें, छठें, आठवें, 13वें और 14वें होल पर बर्डी लगाई तथा 9वें और 11वें पर दो बोगी किए। दुनिया की 200वें नम्बर की भारतीय खिलाड़ी की कैडी के रूप में उनकी मां माहेश्वरी थीं। दुनिया की नम्बर एक गोल्फर अमेरिका की नैली कोरडा ने 2-अंडर 69 के साथ स्वर्ण पदक जीता वहीं जापान की मोने इनामी ने सिल्वर और न्यूजीलैंड की लीडिया ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
अदिति भले ही मेडल से चूक गई हों, लेकिन उनके खेल की काफी प्रशंसा हो रही है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा,'वेल प्लेड अदिति अशोक! भारत की एक और बेटी ने अपनी छाप छोड़ी! आज के ऐतिहासिक प्रदर्शन से आपने भारतीय गोल्फ को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। आपने बेहद शांत और शिष्टता के साथ खेला है। धैर्य और कौशल के प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए बधाई। पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा, वेल प्लेड अदित! आपने टोक्यो 2020 के दौरान जबरदस्त कौशल और संकल्प दिखाया है। पदक से दूर रह गईं, लेकिन इसमें आपने एक मिसाल कायम की है। आपके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।'
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, 'ओलम्पिक खेलों में चौथे स्थान पर रहने वाली भारत की पहली महिला गोल्फर अदिति अशोक टोक्यो 2020 में अपने अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए स्टैंडिंग ओवेशन की हकदार हैं। आपने लगातार अच्छा खेला और हमने अंत तक अपनी सांस रोक रखी थी। आपने इतिहास रच दिया, आगे शुभकामनाएं।'

रिलेटेड पोस्ट्स