टोक्यो में चांदी सी चमकी वेटलिफ्टर मीराबाई चानू

भारत का सिल्वर मेडल से खुला खाता 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत की दमदार बेटी भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलम्पिक में दूसरे ही दिन नया अध्याय लिखते हुए चांदी सी चमक बिखेर दी। उसने 49 किलोग्राम भारवर्ग में सिल्वर मेडल से भारत का खाता खोला। भारोत्तोलन में मीराबाई ने यह उपलब्धि 21 साल बाद भारत की झोली में डालने वाली दूसरी महिला वेटलिफ्टर बनी। इससे पहले 2000 सिडनी ओलम्पिक में कर्णम मल्लेश्वरी कांस्य पदक जीतकर पहली ओलम्पिक पदकधारी महिला बनीं थीं। 
भारत ने टोक्यो ओलम्पिक में अपने मेडल का खाता सिल्वर के साथ खोला है। महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने भारत को 49 किलोग्राम महिला वेटलिफ्टिंग में यह पदक दिलाया है। क्लीन एंड जर्क के अपने दूसरे प्रयास में मीराबाई ने कुल 115 किलोग्राम वजन उठाकर नया ओलम्पिक रिकॉर्ड बनाया। हालांकि यह रिकॉर्ड उनका ज्यादा देर तक कायम नहीं रहा और चीन की होऊ झीहुई ने अगले ही प्रयास में 116 किलोग्राम वजन उठाकर इसे तोड़ दिया।
टोक्यो में 127 खिलाड़ियों का दल शिरकत कर रहा है, जिसमें 57 महिलाएं शामिल हैं। दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मीराबाई की इस उपलब्धि ने भारतीय खेमे में नया जोश भर दिया है। इस बार मीराबाई चानू से पदक की उम्मीद थी और कर्णम मल्लेश्वरी ने भी कहा था कि मीरा पदक जरूर जीतेगी।

रिलेटेड पोस्ट्स