उद्घाटन में भारत के 20 खिलाड़ी ही भाग लेंगे

ओलम्पिक खेलों का महाकुंभ आज से
समारोह दोपहर बाद 4:30 बजे
टोक्यो।
कोविड-19 जुड़ी चिंताओं और अगले दिन कुछ प्रतियोगिताओं के आयोजन के चलते भारत के सात खेलों के 20 खिलाड़ी और छह अधिकारी ही ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे। भारत ने अधिकतर खिलाड़ियों को इस समारोह से दूर रखने का फैसला किया है। 
निशानेबाजी, बैडमिंटन, तीरंदाजी और हॉकी जैसे खेलों के खिलाड़ी समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे, क्योंकि भारतीय दल अपने खिलाड़ियों को वायरस के जोखिम से बचाना चाहता है। वैसे भी अधिकतर खिलाड़ियों को शनिवार से अपनी स्पर्धाओं में भाग लेना है। हॉकी से केवल ध्वजवाहक और पुरुष टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह समारोह में भाग लेंगे। जो 20 खिलाड़ी उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे उनमें मनिका बत्रा और अचंता शरत कमल सहित टेबल टेनिस के चार खिलाड़ी तथा नौकायन टीम के भी इतने ही खिलाड़ी शामिल हैं। तलवारबाज सीए भवानी देवी, जिम्नास्ट प्रणति नायक और तैराक साजन प्रकाश के अलावा आठ मुक्केबाज भी उद्घाटन समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। 
मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम ध्वजवाहक हैं। उनके अलावा सिमरनजीत कौर, लवलीना बोरगोहेन, पूजा रानी, अमित पंघाल, मनीष कौशिक, आशीष कुमार और सतीश कुमार समारोह का हिस्सा होंगे। भारत के 125 से अधिक खिलाड़ी टोक्यो ओलम्पिक में भाग ले रहे हैं और भारतीय दल में 228 सदस्य हैं जिनमें अधिकारी, कोच, सहयोगी स्टाफ और वैकल्पिक खिलाड़ी शामिल हैं। 
भारतीय ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने कहा, ‘तीरंदाजी, जूडो, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, टेनिस, हॉकी (पुरुष और महिला) निशानेबाजी के खिलाड़ी भाग नहीं लेंगे क्योंकि उन्हें 24 जुलाई को प्रतियोगिताओं और अभ्यास सत्र में भाग लेना है। मार्चपास्ट जापानी वर्णमाला के अनुसार होगा और भारत का नंबर 21वां है। दोनों ध्वजवाहक एमसी मैरी कॉम और मनप्रीत सिंह उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे।' प्रत्येक देश से केवल छह अधिकारियों को ही मार्च पास्ट में हिस्सा लेने की अनुमति दी गयी है। 
भारत का कार्यक्रम: टोक्यो में ओलंपिक खेलों के पहले दिन (23 जुलाई) शुक्रवार को भारतीय कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा। (भारतीय समयानुसार) तीरंदाजी : सुबह 5:30 बजे : महिला व्यक्तिगत रैंकिंग राउंड - दीपिका कुमारी, सुबह 9:30 बजे : पुरुष व्यक्तिगत रैंकिंग राउंड – अतनु दास, प्रवीण जाधव और तरुणदीप राय।

रिलेटेड पोस्ट्स