अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी कोको गॉफ कोरोना संक्रमित

टोक्यो ओलम्पिक से हटीं
नई दिल्ली।
अमेरिका की मशहूर टेनिस खिलाड़ी कोको गॉफ आगामी टोक्यो ओलम्पिक 2021 में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। वह कोरोना संक्रमित हो गई हैं। 17 वर्षीया इस खिलाड़ी ने रविवार को इसकी खुद जानकारी दी। साल 2000 के बाद गॉफ ओलंपिक में सबसे कम उम्र की टेनिस खिलाड़ी बन जाती। लेकिन कोविड-19 पॉजिटिव होने के वह उन टेनिस खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शामिल हो गईं जो टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। 
उन्होंने ट्वीट कर कहा, मैं यह सूचना देते हुए बेहद निराश हूं कि मैं कोरोना संक्रमित हो गई हूं, जिसके चलते आगामी टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा नहीं लूंगी। विश्व की 25वें नंबर की महिला खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक में सिंगल्स और डबल्स की प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करतीं। 
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका का ओलंपिक में प्रतिनिधित्व करना मेरा सपना रहा है और उम्मीद है कि आने वाले समय में मुझे ऐसे कई मौके मिलेंगे जो मैं अपने सपने को साकार कर सकूंगी। कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के चलते टोक्यो ओलंपिक का आयोजन एक साल बाद हो रहा है। पहले इन खेलों का आयोजन 2020 में होना था। 
हाल ही में विम्बलडन टेनिस टूर्नामेंट के अंतिम 16 में हार का सामना करने वाली कोको गॉफ ने यह एलान उस वक्त किया जब ऑस्ट्रेलिया के टेनिस खिलाड़ी एलेक्स डि मिनौर टोक्यो जाने से एक दिन पहले कोरोना संक्रमित हो गए। 
कोको गॉफ के अलावा राफेल नडाल, रोजर फेडरर, सेरेना विलियम्स, सिमोना हालेप, डॉनिमिक थीम, स्टान वावरिंका और निक किर्गियोस जैसे नाम टेनिस खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक 2021 में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। खेलों के महाकुंभ टोक्यो ओलंपिक की शुरूआत आगामी शुक्रवार 23 जुलाई से होगी। 

रिलेटेड पोस्ट्स