टोक्यो ओलंपिक में भाग लेंगे नोवाक जोकोविक

गोल्ड मेडल जीतने का है पूरा मौका
नई दिल्ली।
सर्बियाई टेनिस स्टार नोवाक जोकोविक ने आगामी टोक्यो ओलम्पिक में भाग लेने की पुष्टि की है। 34 वर्षीय खिलाड़ी ने ट्विटर पर यह जानकारी दी कि उन्होंने टोक्यो के लिए अपनी उड़ान बुक कर ली है और वह गर्व से ओलम्पिक में सर्बिया की टीम में शामिल होंगे। नोवाक जोकोविक इंग्लैंड में विम्बलडन का खिताब जीतने के बाद सर्बिया लौटे हैं। नोवाक जोकोविक के पास ओलम्पिक खेलों में टेनिस में गोल्ड जीतने का मौका है।
नोवाक जोकोविक ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए ट्वीट किया, "मेरे छोटे दोस्त कोजिरोउ को निराश नहीं कर सकता। मैंने टोक्यो के लिए अपनी उड़ान बुक की और ओलंपिक के लिए टीम सर्बिया में शामिल हो रहा हूं।" दरअसल, एक साल के बच्चे के साथ वीडियो कॉल करते हुए उन्होंने उसको जन्मदिन की बधाई दी, क्योंकि कोजिरोउ 6 साल का हो गया है।
गौरतलब है कि दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक ने रविवार को अपना छठा विम्बलडन खिताब जीता। उनके नाम अब 20 ग्रैंड स्लैम हैं और वह अब स्विस टेनिस दिग्गज रोजर फेडरर और स्पेनिश खिलाड़ी राफेल नडाल के बराबर है। इस जीत के साथ, जोकोविक ने इस साल तीन ग्रैंड स्लैम जीत लिए हैं - ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन और अब विम्बलडन। शीर्ष वरीय अब अंतिम ग्रैंड स्लैम - यूएस ओपन जीतकर वर्ष का अंत उच्च स्तर पर करने की कोशिश करेंगे।
अब तक तीन ग्रैंड स्लैम इस साल जीत चुके नोवाक जोकोविक की निगाहें टोक्यो ओलम्पिक में गोल्ड मेडल जीतने के साथ-साथ यूएस ओपन का भी खिताब जीतने पर होंगी। अगर वे ऐसा करते हैं तो वे टेनिस के खेल में एक ही साल में चारों ग्रैंडस्लैम और एक ओलम्पिक मेडल जीतने वाले दुनिया के पहले पुरुष खिलाड़ी बन जाएंगे। उनसे पहले सिर्फ एक महिला खिलाड़ी ने ये कारनामा कर दिखाया है। टोक्यो ओलम्पिक में रोजर फेडरर और राफेल नडाल नहीं खेलने वाले।

रिलेटेड पोस्ट्स