गोलाफेंक एथलीट तूर ने 21 मीटर थ्रो के साथ फिर जीता स्वर्ण

यूपी के अजय 1500 मीटर में जीते, अनु रानी नहीं कर पाईं क्वालीफाई 
खेलपथ संवाद
पटियाला।
ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके भारतीय शॉटपुटर तेजिंदर पाल सिंह तूर ने अपनी शानदार लय जारी रखते हुए अंतराज्यीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 21.10 मीटर की थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक जीत लिया। पिछले सोमवार को इंडियन ग्रांप्री-4 में 21.49 मीटर की थ्रो फेंककर ओलंपिक टिकट हासिल करने के साथ राष्ट्रीय व एशियाई रिकॉर्ड सुधारा था।
ओलंपिक क्वालीफाइंग मार्क 21.10 है जो पंजाब के इस एथलीट ने सोमवार को यहां हासिल किया। एक हफ्ते में दूसरी बार उन्होंने 21 मीटर से ऊपर की थ्रो फेंकी है। तूर की छह में से पांच थ्रो 20 मीटर से ऊपर की थी जबकि एक फाउल थी। उन्होंने क्रमश: 20.42, 20.63, 20.92, 20.96, फाउल, 21.10 का प्रदर्शन किया। पंजाब के ही करनवीर (19.33) और राजस्थान के वनम शर्मा (18.33) ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
महिला जेवलिन थ्रो में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अनु रानी ओलम्पिक  क्वालीफाइंग मार्क से चूक गईं। उन्होंने 62.83 का श्रेष्ठ प्रयास किया। ओलम्पिक क्वालीफाइंग मार्क 64 मीटर है। हालांकि विश्व रैंकिंग के आधार पर अभी उनकी संभावनाएं कायम हैं। स्पर्धा में 32 खिलाड़ी भाग लेंगे और वह रोड टू टोक्यो की सूची में 19वें स्थान पर हैं। पिछली 11 स्पर्धाओं में वह 10 बार 60 मीटर से ऊपर थ्रो फेंकने में सफल रही हैं और उन्होंने इस साल घर में हुईं सभी पांच स्पर्धाएं जीती हैं।
अन्य स्पर्धाओं में 1500 मीटर की दौड़ उत्तर प्रदेश के अजय कुमार सरोज ने 3:42.55 के साथ जीती। लंबी कूद में केरल के मुहम्मद अनीस याहिया (7.76 मीटर) ने स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश के युगांत शंकर सिंह (7.63) और ऋषभ (7.54) दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं की दस हजार मीटर में राजस्थान की पूजा (35: 29.59) पहले और उत्तर प्रदेश की ज्योति (37: 30.24) दूसरे स्थान पर रहीं।

रिलेटेड पोस्ट्स