दीपक पूनिया और रवि कुमार की पोलैंड में ढंग से नहीं हो पा रही तैयारी

रूस में कई विश्व चैम्पियन कर रहे हैं तैयारी
नई दिल्ली।
पहलवानों की ओलम्पिक की तैयारियां पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही हैं। रवि कुमार दहिया और दीपक पूनिया को अब तक रूस का वीजा नहीं मिल पाया है, जिसके चलते दोनों पहलवान पोलैंड में फंसकर रह गए है, जहां उनकी ओलंपिक की तैयारियां ढंग से नहीं हो पा रही हैं।
दोनों ही पहलवानों को उन्हें प्रैक्टिस कराने वाले पहलवान नहीं मिल पा रहे हैं। पोलैंड में अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खत्म हुए 10 दिन से ऊपर हो गए हैं, लेकिन अब तक रूस के वीजा पर बात नहीं बन पाई है। हालांकि कुश्ती संघ को उम्मीद है कि दीपक और रवि को जल्द रूस का वीजा मिल जाएगा।
पोलैंड में तैयारियों की अच्छी व्यवस्था नहीं होने पर कुश्ती संघ ने बजरंग से बात कर रवि और दीपक की रूस में तैयारियों का इंतजाम किया था। बजरंग जहां तैयारियां कर रहे हैं वहां कई विश्व चैम्पियन और दिग्गज पहलवानों भी तैयारियों में जुटे हैं। यहां प्रैक्टिस करने वाले जोड़ीदार की दिक्कत नहीं है, लेकिन पोलैंड में अभी दोनों जहां तैयारी कर रहे हैं।
वहां प्रैक्टिस कराने वालों की काफी दिक्कत आ रही है। जिसके चलते रवि और दीपक की तैयारियां पटरी से उतर गई हैं। दोनों ही जल्द से जल्द पोलैंड से निकलना चाहते हैं।
दीपक और रवि के विपरीत अंशु मलिक की तैयारियों पर असर नहीं पड़ा है। उनकेसाथ राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता अनीता प्रैक्टिस कराने के लिए हैं। साथ ही वहां अन्य देशों की महिला पहलवान भी प्रैक्टिस रही हैं, जिसके चलते उन्हें अच्छे जोड़ीदार मिल जा रहे हैं।
हालांकि उन्हें तैयारियों के लिए विनेश के पास हंगरी जाना था, लेकिन हंगरी ने एक बार फिर भारतीय पहलवानों को अपने यहां आने की इजाजत नहीं दी। अब कुश्ती संघ ने विनेश और अंशु की तैयारियों के लिए एस्टोनिया को चुना है।
विनेश हंगरी से और अंशु 30 जून को पोलैंड एस्टोनिया के लिए रवाना हो जाएंगी। दूसरी ओर सोनम मलिक और सीमा बिसला अपने अखाड़ों में ही तैयारियां रही हैं। दोनों अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाई हैं। कुश्ती संघ का कहना है कि दोनों जैसे ही अपनी फिटनेस रिपोर्ट देंगी उनकी तैयारियों की भी व्यवस्था की जाएगी।

रिलेटेड पोस्ट्स