भारतीय दल की हौसलाअफजाई करेंगे पीएम मोदी

टोक्यो जाने वाले खिलाड़ियों को देंगे आधिकारिक विदाई 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक में भाग लेने जा रहे भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें 10 से 15 जुलाई के बीच आधिकारिक विदाई देंगे। खेल मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, भारतीय दल आधिकारिक विदाई समारोह के एक दिन बाद रवाना होगा। एक सूत्र ने बताया, 'प्रधानमंत्री ओलम्पिक जाने वाले खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिए उन्हें आधिकारिक विदाई देंगे। इसकी तारीख अभी तय नहीं है लेकिन यह 10 से 15 जुलाई के बीच किसी दिन होगा।'
उन्होंने बताया कि यह समारोह देश में मौजूद खिलाड़ियों के लिए होगा जो इसके बाद टोक्यो रवाना होंगे। उन्होंने कहा, 'यह उन खिलाड़ियों के लिए होगा जो भारत से टोक्यो जाएंगे। जो खिलाड़ी विदेश में हैं, वे सीधे वहीं से टोक्यो रवाना होंगे।' उन्होंने आगे कहा कि खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ के अलावा ओलम्पिक के लिए जो भी टोक्यो जाना चाहता है, उसे जरूरत के मुताबिक अनुमति दी जाएगी। उन्होंने दोहराया कि कोरोना काल में मंत्रालय ने अधिकतम सहयोगी स्टाफ को भेजने के लिए अपना प्रतिनिधिमंडल नहीं भेजने का फैसला किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स