टोक्यो ओलम्पिक में इन भारतीयों से पदक की उम्मीद

तो क्या एथलेटिक्स में पदकों का खालीपन भरेगा कोई एथलीट

सुनील कुमार यादव

कानपुर। दुनिया का सबसे बड़ा खेल महाकुंभ ओलम्पिक एक साल के विलम्ब के बाद जापान की राजधानी टोक्यो में 23 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। ओलम्पिक खेलों का समापन आठ अगस्त को होगा। इस खेल महाकुंभ में पूरी दुनिया के खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे और अपने देश को पदक दिलाकर खेल विश्व शक्ति बनाएंगे। भारतीयों के जेहन में भी अपने खिलाड़ियों से अधिकाधिक पदक की उम्मीदें हैं। खेलों के इस समागम में जेवलिन थ्रोवर नीरज चोपड़ा और पहलवान विनेश फोगाट सहित निशानेबाजों से हम पदक की उम्मीद कर सकते हैं।  

टोक्यो में होने जा रहा ओलम्पिक महाकुम्भ दुनिया का अब तक का सबसे बड़ा खेल आयोजन है। टोक्यो में होने वाले ओलम्पिक खेलों में अब तक लगभग 100 भारतीय खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है। भारत की तरफ से वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू से भारत को पदक की उम्मीद है। 14 खेल प्रतियोगिताओं में लगभग 100 भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक क्वालीफाई कर लिया है।

शूटिंग में 15 भारतीय खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है जिनमें से 8 पुरुष और 7 महिलाएं हैं। शूटिंग में सौरभ, मनु भाकर और इलावेनील से भारत को पदक की बहुत उम्मीद है। एथलेटिक्स में 14 भारतीय खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है और सबसे अधिक उम्मीद जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा और शिवपाल सिंह से हैं। भारतीय हॉकी टीमें (पुरुष और महिला वर्ग) भी क्वालीफाई कर चुकी हैं और दोनों के लगभग 16-16 खिलाड़ी ओलम्पिक में पार्टिसिपेट करने जा रहे हैं। 2021 के ओलम्पिक में भारतीय हॉकी टीम से भी पदक की उम्मीदें हैं।

बॉक्सिंग खेल में जिन भारतीय खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद हैं उनमें से अमित पंघाल, विकास कृष्णन यादव, आशीष कुमार, मनीष कौशिक, लवलीना, पूजा रानी, मैरीकॉम से उम्मीद है कि यह पोडियम पर पहुंचेंगे और भारत के लिए पदक जीतेंगे। कुश्ती में बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, दीपक पूनिया विश्व रैंकिंग में टॉप तीन में जगह बनाए हुए हैं। सीमा बिसला, अंशु मलिक और सोनम मलिक से भारत को पदक की उम्मीदें हैं। 2016 ओलम्पिक में भारत ने कुश्ती में एक मेडल जीता था। बैडमिंटन में भारत की स्टार खिलाड़ी और 2016 रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधु से भारतीयों को पदक की बहुत बड़ी उम्मीद है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स