निर्धारित समय पर ही होंगे टोक्यो ओलम्पिकः थॉमस बाक

दुनिया को मजबूत संदेश देना जरूरी
जापान में विरोध के बावजूद बोले आईओसी प्रमुख
148 भारतीय खिलाड़ियों को लगी वैक्सीन की पहली डोज
नई दिल्ली।
जापान में कोरोना के कारण टोक्यो ओलम्पिक के विरोध के बावजूद अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के प्रमुख थॉमस बाक ने कहा कि इन खेलों का आयोजन अपने तय समय पर होगा। आईओसी अध्यक्ष ने कहा कि अभूतपूर्व स्वास्थ्य संकट के कारण 2020 में एक साल के लिए स्थगित हुए ओलम्पिक के आयोजन से यह संदेश जाएगा कि ‘सुरंग के आखिर में अब भी प्रकाश है (कठिन परिश्रम के बाद आशा की किरण)।’ 
बाक ने ऑनलाइन आयोजित एफआईएच के 47वें कांग्रेस में अपने संबोधन के दौरान यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि ओलंपिक के शुरू होने में काफी कम समय बचा है।उसकी उलटी गिनती शुरू हो गई है। इस कठिन समय के दौरान, हमें जुझारूपन,विविधता में एकता का एक मजबूत संदेश भेजने की जरूरत है। टोक्यो हमें सुरंग के आखिर में रोशनी दिखाएगा। बाक की टिप्पणी से पहले आईओसी के उपाध्यक्ष जॉन कोट्स ने भी कहा कि महामारी के कारण शहर में आपतकाल लागू होने के बाद भी टोक्यो खेलों का आयोजन होगा। 
आईओसी का यह रुख कोविड से प्रभावित दुनिया में खेलों की मेजबानी की चुनौतियों को स्वीकर करता है। जापान के ज्यादातर नागरिक खेलों की मेजबानी के पक्ष में नहीं हैं, क्योंकि महामारी के दौर में इससे देश के चिकित्सा बुनियादी ढांचे पर और दबाव पड़ने की संभावना है, लेकिन आईओसी अपने फैसले पर अडिग है। बाक ने विश्वास जताया कि पिछले साल स्थगित हुए खेलों को स्थानीय आयोजकों के साथ, आईओसी सुरक्षित आयोजन में सक्षम होगा। 
148 खिलाड़ियों को वैक्सीन की पहली डोज
भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अनुसार, टोक्यो ओलम्पिक के लिये क्वालीफाई कर चुके खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेलों के कुल 148 खिलाड़ियों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। आईओए अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने कहा कि इन 148 खिलाड़ियों में से 17 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्हें दोनों टीके लगा दिये गये हैं, जबकि 131 खिलाड़ियों को अभी पहला टीका लगा है। इन 148 खिलाड़ियों में वे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो 23 जुलाई से शुरू होने वाले टोक्यो ओलंपिक खेलों में जगह बना सकते हैं। इसके अलावा टोक्यो पैरालम्पिक खेलों में भाग लेने वाले 13 खिलाड़ियों को भी पहला टीका लगाया जा चुका है। दो खिलाड़ियों को दोनों टीके लगाये जा चुके हैं। 
टोक्यो पैरालम्पिक खेल 24 अगस्त से शुरू होंगे। 20 मई तक 163 खिलाड़ियों (पैरालम्पिक सहित) ने कम से कम पहला टीका लगवा दिया है। बत्रा ने बताया कि 20 मई तक 87 अधिकारियों को पहला टीका लगा दिया है, जबकि 23 अधिकारियों पर दोनों टीके लग गये हैं। अब तक भारत के 90 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में टोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स