ओलम्पिक क्वालीफिकेशन से चूके ग्रीको रोमन पहलवान

एशियाई क्वालीफायर
खेलपथ संवाद
अलमाटी।
देश के शीर्ष ग्रीको पहलवान सुनील कुमार से काफी उम्मीदें थीं लेकिन वह शुक्रवार को यहां एशियाई क्वालिफायर के सेमीफाइनल में हारकर अन्य चार भारतीयों के साथ टोक्यो ओलंपिक के लिए कट हासिल नहीं कर पाए। इस प्रतियोगिता में केवल फाइनल में पहुंचने वाले पहलवान को ही टोक्यो ओलम्पिक का कोटा मिलता और पांचों भारतीय अंतिम चार चरण में हारकर टूर्नामेंट के शुरुआती दिन ही यह मौका चूक गए। 
एशियाई चैम्पियन सुनील ने 87 किलोग्राम वजन वर्ग में किर्गिस्तान के सुखरोब अब्दुल्खाएव पर 7-0 से जीत हासिल कर अभियान शुरू किया लेकिन सेमीफाइनल में स्थानीय खिलाड़ी नूरसुल्तान तुर्सनोव से 5-9 से हार गए। ज्ञानेंद्र (60 किलोग्राम), आशू (67 किलोग्राम), गुरप्रीत सिंह (77 किलोग्राम) और नवीन (130 किलोग्राम) अपने अपने सेमीफाइनल हार गए लेकिन अब ये कांस्य पदक के लिए भिड़ेंगे। कांस्य पदक के लिए ज्ञानेंद्र का सामना कोरिया के हांजाए चुंग से, आशू का सामना ताजिकिस्तान के शेरोज ओचिलोव और गुरप्रीत का सामना फलस्तीन के राबी केए खलील से होगा। रवि (97 किलोग्राम) क्वार्टर फाइनल में हार गए लेकिन कांस्य पदक के प्ले ऑफ में पहुंच गये जहां उनका सामना कोरिया के सियोल ली से होगा। महिलाओं की स्पर्धायें शनिवार को जबकि पुरुष फ्रीस्टाइल स्पर्धायें रविवार को होंगी।
भारत का कोई भी ग्रीको रोमन पहलवान 2020 टोक्यो ओलम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका है लेकिन तीन फ्रीस्टाइल पहलवान (पुरुष) बजरंग पूनिया (65 किलोग्राम), रवि दहिया (57 किलोग्राम) और दीपक पूनिया (86 किलोग्राम) विश्व चैम्पियनशिप के जरिए कट हासिल कर चुके हैं। विनेश फोगाट एकमात्र भारतीय महिला पहलवान हैं जिन्होंने ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स