मनिका-शरत की जोड़ी को ओलम्पिक टिकट

दोहा में जीता मिश्रित युगल का फाइनल
दोहा।
भारत की अचंता शरत कमल और मनिका बत्रा की स्टार टेबल टेनिस जोड़ी ने एशियाई ओलम्पिक क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट के मिश्रित युगल का फाइनल अपने नाम किया। इस जीत के साथ 2021 टोक्यो ओलम्पिक के लिए मिश्रित युगल में क्वालीफाई भी कर लिया।
भारतीय जोड़ी ने शनिवार को खेले गए मुकाबले में कोरिया की सांग सु ली और जिही जनियोन को 4-2 से हराया। दुनिया की आठवीं नंबर की जोड़ी से 0-2 से पिछड़ने के बाद भारतीय खिलाड़ियों की जीत को ऐतिहासिक माना जा रहा है।
शरत और मनिका गुरुवार को एकल में पहले ही कोटा हासिल कर चुके हैं और अब मिश्रित युगल में भी क्वालीफाई कर लिया। शरत और मनिका सहित चार भारतीयों ने टोक्यो ओलंपिक के एकल वर्ग के लिए क्वालीफाई किया है।
दुनिया की 19वें नंबर की भारतीय जोड़ी ने इससे पहले शुक्रवार को सिंगापुर के कोएन पांग यियू एन और लिन यि को सेमीफाइनल में 4-2 से हराया था। एशियाई खेल 2018 की कांस्य पदकधारी जोड़ी ने तब 50 मिनट तक चले मुकाबले में 12-10, 9-11, 11-5, 5-11, 11-8, 13-11 से जीत हासिल की थी।

रिलेटेड पोस्ट्स