टोक्यो ओलम्पिक में नहीं मिलेगी विदेशी दर्शकों को एंट्री

कोरोना ने बढ़ाई चिंता
टोक्यो।
कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों ने टोक्यो ओलम्पिक को लेकर आयोजकों की चिंताए बढ़ा दी हैं। यही कारण है कि जापानी सरकार ने इसी साल होने वाले ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों में विदेशी दर्शकों की एंट्री पर रोक लगाने का फैसला किया। 
जापान की शीर्ष समाचार एजेंसी क्योडो की खबर के मुताबिक, जापान के लोगों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए जापान की सरकार ने विदेशी दर्शकों को देश में एंट्री नहीं देने का फैसला किया है। एजेंसी ने सरकारी अधिकारी के हवाले से बताया है कि दुनियाभर में सामने आ रहे नए स्ट्रेन और संक्रमण की बढ़ती संख्या की वजह से देशवासी चिंतित हैं और ऐसे में सरकार के लिए विदेशी दर्शकों का स्वागत करना मुश्किल होगा। 
यही नहीं टॉर्च रिले के उद्घाटन में भी किसी दर्शक को एंट्री नहीं दी जाएगी। दरअसल, जापान की जनता लगातार ओलंपिक के आयोजन का विरोध कर रही है और उन्होंने विदेशियों से कोरोना वायरस संक्रमण के फैलने की आशंका जताई है। इसके अलावा खेल की लागत बढ़ने का भी विरोध हो रहा है। बता दें कि टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू होगा। इन खेलों में 11000 ओलंपिक खिलाड़ी, 4000 पैरालम्पिक खिलाड़ी, हजारों कोच, जज, प्रायोजक, मीडिया और वीआईपी भाग लेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स