टोक्यो ओलम्पिक में विदेशी दर्शकों के शामिल होने की उम्मीद नहीं

टोक्यो। कोरोना महामारी के कारण एक साल बाद हो रहे टोक्यो ओलम्पिक में विदेशी फैन्स को अनुमति मिलने की सम्भावना नहीं है। जापान के अखबार मेनिची ने कहा कि इस बारे में फैसला ले लिया गया है। इसने चर्चा में शामिल सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। अखबार ने कहा कि अंतिम फैसला एक महीने के भीतर ले लिया जाएगा। एक अज्ञात सरकारी अधिकारी के हवाले से अखबार ने कहा कि मौजूदा हालात में विदेशी दर्शकों को प्रवेश की अनुमति देना सम्भव नहीं है।
इससे पहले टोक्यो ओलंपिक आयोजकों ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति, अंतरराष्ट्रीय पैरालम्पिक समिति, तोक्यो मेट्रोपोलिटन प्रशासन और जापान सरकार के प्रतिनिधियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू होंगे और महामारी के बीच इसमें विदेशी दर्शकों का आना वैसे भी संभव नहीं लग रहा था।
जापान की जनता लगातार ओलंपिक के आयोजन का विरोध कर रही है और उन्होंने विदेशियों से कोरोना वायरस संक्रमण के फैलने की आशंका लगातार जताई है। इसके अलावा खेल की लागत बढ़ने का भी विरोध हो रहा है। इन खेलों में 11000 ओलंपिक खिलाड़ी, 4000 पैरालम्पिक खिलाड़ी, हजारों कोच, जज, प्रायोजक, मीडिया और वीआईपी भाग लेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स