12 साल की जिया ने तैराकी में बनाया कीर्तिमान

आजमगढ़ की बिटिया अरब सागर में आठ घण्टे 36 मिनट तैरी
खेलपथ प्रतिनिधि
मुम्बई।
बेटियों की सफलता का सिलसिला लगातार जारी है। आजमगढ़ की होनहार 12 साल की दिव्यांग जिया राय ने अरब सागर में आठ घण्टे 36 मिनट तैरकर एक नया कीर्तिमान बनाया है। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की जिया राय ने वरली सी लिंक से गेटवे ऑफ इंडिया तक 36 किलोमीटर की दूरी पूरी कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिया राय महज 12 साल की हैं, लेकिन इतनी छोटी सी उम्र में तैराकी में एक नई मिशाल पेश की है। 
जिया स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (एएसडी) नामक दिमागी बीमारी से पीड़ित हैं। जिया ने बुधवार को वरली सी लिंक से गेटवे ऑफ इंडिया तक की तैराकी सुबह 3:50 बजे शुरू की और 12:30 बजे समाप्त की। यह प्रतियोगिता महाराष्ट्र तैराकी संघ द्वारा आयोजित की गई थी। उनकी इस उपलब्धि के लिए ग्रेटर मुंबई एमेच्योर एक्वेटिक एसोसिएशन की अध्यक्ष जरीर एन. बालीवाला ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व जिया 15 फरवरी को 2020 में एलिफैंटा द्वीप से गेटवे ऑफ इंडिया के बीच 14 किलोमीटर की दूरी मात्र 3 घंटे 27 मिनट में तय कर विश्व रिकॉर्ड बना चुकी हैं।
जिया समुद्र में 14 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली सबसे कम उम्र की सबसे तेज तैराक मानी जाती हैं वहीं, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जिया राय का नाम दर्ज है। जिया राय के पिता नौसेना में अफसर हैं जबकि मां केंद्रीय स्कूल में अध्यापक हैं। आजमगढ़ के सगड़ी तहसील स्थित कटाई अलीमुद्दीनपुर के मूल निवासी मदन राय अपनी पत्नी और बेटी जिया राय के साथ दक्षिण मुंबई के कोलाबा में रहते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स