परी कथा सी है सानिया की जिन्दगी

पिता के सपनों को बेटी ने लगाए पंख
बदली महिला टेनिस की पूरी तस्वीर
खेलपथ प्रतिनिधि
हैदराबाद।
15 नवम्बर को अपना 34वां जन्मदिन मनाने वाली सानिया मिर्जा की जिन्दगी किसी परी कथा से कम नहीं है। हर माता-पिता की तरह इमरान मिर्जा ने अपनी बेटी सानिया मिर्जा को लेकर सपने देखे थे जिसे इस जांबाज बेटी ने न केवल पूरा किया बल्कि भारत में महिला टेनिस की पूरी तस्वीर ही बदल दी। 1993 में जुलाई के पहले हफ्ते में टेलीविजन पर स्टेफी ग्राफ को विम्बलडन का खिताब जीतते देख इमरान मिर्जा ने अपनी छह साल की बेटी की पीठ थपथपाते हुए ये कहा कि कितना मजा आएगा अगर सानिया भी पेशवर टेनिस खिलाड़ी बने और विम्बलडन में खेलें। बस यहीं से सानिया के टेनिस सनसनी बनने की कहानी शुरू होती है। महज 16 साल की उम्र में विम्बलडन का जूनियर युगल खिताब जीतकर सानिया ने अपने अब्बाजान को न केवल खुश किया बल्कि उसके बाद भारतीय महिला टेनिस में कई मील के पत्थर गाड़ दिए।
15 नवम्बर, 1986 को मुंबई में जन्मीं सानिया की पूरी जिन्दगी की कहानी असल होने की बजाय काल्पनिक सी लगती है। अगर सानिया को समझना हो तो उनकी आत्म-कथा ace against odds (एस अगेन्स्ट ऑड्स) को जरूर पढ़ना चाहिए। कोर्ट के भीतर और बाहर अपने संघर्षों को सानिया ने जिस बेबाकी से बयान किया है, उसकी मिसाल भारतीय खेलों में बहुत कम है।
29 साल की उम्र में छह ग्रैंडस्लैम खिताब (तीन महिला युगल, तीन मिश्रित युगल) जीत चुकीं सानिया ने पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से निकाह किया। 2018 में इजहान का जन्म हुआ। मां बनने के बाद इस खिलाड़ी ने तीन साल बाद इंटरनेशनल टेनिस में दोबारा वापसी की और फिर यूक्रेन की नादिया किचेनोक के साथ होबार्ट इंटरनेशनल महिला युगल का खिताब जीता।
अपने करियर के स्वर्णिम दौर में सानिया का बोलबाला था। वह न केवल उम्दा खेल बल्कि अपने व्यक्तित्व के चलते भी स्टार थीं। स्टार क्रिकेटर्स की तरह सानिया के भी अपने जलवे थे जो बेहद आसानी से इंटरव्यू के लिए तैयार नहीं होती थीं। मिर्जा जानती थीं कि भारत में क्रिकेटर्स के दबदबे के बीच अपनी पहचान बनाने के लिए उन्हें काफी कुछ करना पड़ेगा और उन्होंने बखूबी इसे किया भी।
सानिया अपनी आत्मकथा में लिखतीं हैं, 'विम्बलडन में मेरी टीशर्ट पर चर्चा हुई तो अमेरिकी ओपन में नथ पर। मैं जो कुछ भी पहनती, उसे बगावत का प्रतीक मान लिया जाता। शायद विदेशी मीडिया ने एक युवा भारतीय लड़की को पहले इस मुकाम पर नहीं देखा था या मैं एक पारम्परिक भारतीय लड़की अमेरिकियों के मानदंड पर खरी नहीं उतरती थी।
दरअसल, एक वक्त ऐसा भी रहा कि सानिया फैशन आइकॉन भी बनीं। सानिया की नथ (नोज रिंग) जल्द ही भारत में काफी लोकप्रिय हुई और बाजार में सानिया नोज रिंग के नाम से बिकने लगी। युवा लड़कियों में इसका काफी क्रेज था। सानिया मिर्जा ने अपने करियर के दौरान कई विवादास्पद मुद्दों पर बड़े स्टैंड लिए। आप उनसे सहमत हों या असहमत, लेकिन एक खिलाड़ी होने के बावजूद साफ-साफ एक स्टैंड लेना भारत में बहादुरी से कम नहीं है।
2005 में जब प्रतिष्ठित टाइम मैगजीन ने सानिया को एशिया की एक हीरो में से एक बताया तो ये साफ हो गया था कि इस लड़की ने अकेले अपने बूते महिला टेनिस की पूरी तस्वीर बदल डाली। सोशल मीडिया पर जब भी लोग भारत-पाक क्रिकेट मैचों के दौरान उन्हें खींचने की कोशिश करते तो सानिया अपने ही निराले अंदाज में उनका जवाब देतीं। पाकिस्तानी मीडिया भी उन्हें भारत की बेटी होने के चलते ठीक-ठाक परेशान करता। अगर सानिया टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करती हैं तो उनसे देश को काफी उम्मीद होंगी। शाबास सानिया।

रिलेटेड पोस्ट्स