विनेश का राजीव गांधी खेल रत्न पर ‘पंच’

खेलपथ संवाद

चरखी दादरी। चरखी दादरी के गांव बलाली निवासी अंतर्राष्ट्रीय महिला पहलवान विनेश फोगाट देश के शीर्ष खेल रत्न अवार्ड के लिए नामांकित हुई हैं। विनेश को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार अपनी कड़ी मेहनत के बूते ही मिलेगा। चरखी दादरी जिले के छोटे से गांव बलाली निवासी दंगल गर्ल गीता-बबिता की चचेरी बहन विनेश को 53 किलोग्राम वर्ग में ओलंपिक का टिकट मिल चुका है। फिलहाल विनेश अपनी ससुराल खरखौदा में घर पर ही प्रेक्टिस कर रही हैं। रियो ओलंपिक में चोट लगने के बाद कड़ी मेहनत के बूते विनेश फोगाट ने मैट पर वापसी करते हुए अनेक अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में मेडल जीते हैं।

परिजनों ने विनेश की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत का फल बताया है। विनेश के ताऊ द्रोणाचार्य अवार्डी महाबीर पहलवान का कहना है कि विनेश को राजीव गांधी खेल रत्न मिलना उनके लिए सबसे बेहद खुशी की बात है। यह परिवार ही नहीं बल्कि देश के लिए गर्व की बात है। विनेश ने चोट से उबरते हुए मैट पर मेहनत की तो वे आज इस मुकाम पर पहुंची हैं। उन्हें आशा है कि वह टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतकर देश का नाम रोशन करेगी। वहीं विनेश की मां प्रेमलता कहा कि विनेश ने कड़ी मेहनत करते हुए रियो ओलंपिक में लगी चोट से उबरी और ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया। वहीं, विनेश कहती हैं कि ओलंपिक से पहले इससे उनका हौसला भी बढ़ गया है। साथ ही अब उनकी ओलंपिक में पदक के लिए जिम्मेदारी भी बढ़ी है। अब उसे ओलंपिक के लिए ज्यादा मेहनत करनी होगी।

रिलेटेड पोस्ट्स