रेनू सिंह ने विश्व रेलवे क्रॉस कंट्री चैम्पियनशिप में जीता स्वर्ण पदक
10 किलोमीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया भारतीय रेलवे और मुरादाबाद मंडल का गौरव
खेलपथ संवाद
मुरादाबाद। भारतीय रेलवे की महिला धावक रेनू सिंह ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है। चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में अंतरराष्ट्रीय रेलवे खेल संघ द्वारा आयोजित 18वीं विश्व रेलवे क्रॉस कंट्री चैम्पियनशिप में उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की कर्मचारी रेनू सिंह ने 10 किलोमीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
रेनू सिंह मुरादाबाद मंडल के वाणिज्य विभाग में मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। रेलवे की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ खेल के प्रति उनका समर्पण और कड़ी मेहनत इस शानदार सफलता के रूप में सामने आई है।
विश्व स्तर की इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना रेनू सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि होने के साथ भारतीय रेलवे के खेल इतिहास के लिए भी गौरवपूर्ण है। उनकी सफलता से मुरादाबाद मंडल के रेलकर्मियों और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। रेनू सिंह की इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनकी सफलता रेलवे के अन्य कर्मचारियों, विशेषकर महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
