आईओए की अध्यक्षी को गगन नारंग और अंजू बॉबी जॉर्ज मजबूत दावेदार
पीटी ऊषा की वापसी से मुकाबला हुआ दिलचस्प, पांच दिसम्बर को होगा फैसला
भारतीय ओलम्पिक संघ चुनावः 71 सदस्यीय निर्वाचक मंडल करेगा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली, 19 नवंबर। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के आगामी चुनाव को लेकर खेल जगत में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पांच दिसम्बर को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है। मौजूदा अध्यक्ष पीटी ऊषा, ओलम्पिक पदक विजेता गगन नारंग और एथलेटिक्स की दिग्गज खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। हालांकि, फिलहाल किसी एक उम्मीदवार की जीत तय मानना जल्दबाजी होगी, लेकिन चुनावी समीकरणों में गगन नारंग और अंजू बॉबी जॉर्ज की स्थिति मजबूत नजर आ रही है।
चुनाव से पहले पीटी ऊषा को उस समय बड़ा झटका लगा, जब वह स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट (एसओएम) के चुनाव में महिला वर्ग की चार सीटों पर जगह नहीं बना सकीं। इस चुनाव में अंजू बॉबी जॉर्ज ने 53 वोट हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। रानी रामपाल को 50, डोला बनर्जी को 45 और साइना नेहवाल को 43 वोट मिले, जबकि पीटी ऊषा 40 वोटों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
इस नतीजे को ऊषा की दूसरी पारी की राह में बड़ी बाधा माना गया। हालांकि, बाद में आइस हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के समर्थन से उन्हें आईओए की जनरल असेम्बली में जगह मिल गई। उनके नामांकन पर उठाई गई आपत्तियों को निर्वाचन अधिकारी ने खारिज कर दिया। इस तरह पीटी ऊषा दोबारा अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हो गई हैं।
गगन नारंग के पक्ष में बन रहे समीकरण
लंदन ओलम्पिक के कांस्य पदक विजेता गगन नारंग का नाम अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में उभरकर सामने आया है। पुरुष वर्ग के एसओएम चुनाव में वह निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। खेल प्रशासन में उनकी सक्रियता और ओलम्पिक आंदोलन से जुड़ा अनुभव उनकी ताकत माना जा रहा है। दूसरी ओर, अंजू बॉबी जॉर्ज को महिला एसओएम चुनाव में सर्वाधिक वोट मिलने से बड़ी राजनीतिक बढ़त मिली है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में उनका प्रशासनिक अनुभव भी उनके पक्ष में जाता है।
राजीव मेहता की भूमिका भी अहम
चुनाव में एक और महत्वपूर्ण शक्ति केंद्र आईओए के महासचिव राजीव मेहता के रूप में उभर रहा है। चुनाव से पहले विभिन्न खेल महासंघों के प्रतिनिधियों के बीच समर्थन जुटाने की कवायद तेज है। ऐसे में अध्यक्ष पद की लड़ाई केवल लोकप्रिय खिलाड़ियों के बीच मुकाबला नहीं, बल्कि खेल महासंघों के समर्थन और चुनावी प्रबंधन की भी परीक्षा होगी। भारतीय ओलम्पिक संघ की अंतिम मतदाता सूची में 71 सदस्य शामिल हैं। इनमें राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि, एसओएम प्रतिनिधि, एथलीट्स कमीशन के सदस्य और अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति की भारतीय सदस्य नीता अम्बानी शामिल हैं। अध्यक्ष के अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारी परिषद के सदस्यों का भी चुनाव होगा। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 22 से 24 नवम्बर तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। तीन दिसम्बर को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी और पांच दिसम्बर को मतदान होगा।
किसका पलड़ा भारी?
मौजूदा चुनावी घटनाक्रम को देखें तो पीटी ऊषा की एसओएम चुनाव में हार ने उनके लिए मुश्किलें बढ़ाई हैं, हालांकि उनकी दोबारा चुनाव लड़ने की पात्रता बहाल होने से मुकाबला फिर खुल गया है। गगन नारंग को मजबूत दावेदार माना जा रहा है, जबकि अंजू बॉबी जॉर्ज को एसओएम चुनाव में सबसे ज्यादा वोट मिलने का लाभ मिल सकता है। अंततः निर्णायक भूमिका राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधियों की होगी। इसलिए फिलहाल गगन नारंग को सम्भावित बढ़त के साथ प्रमुख दावेदार कहा जा सकता है, लेकिन पांच दिसम्बर के मतदान से पहले किसी की जीत का दावा करना जल्दबाजी होगी।
