झारखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति सम्मानित
हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने ट्रैकसूट और टी-शर्ट भेंटकर किया सम्मान
खेलपथ संवाद
रांची। झारखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति को हॉकी इंडिया के महासचिव एवं हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने सम्मानित किया। हॉकी झारखंड के कार्यालय पहुंचीं सावित्री पूर्ति को भोलानाथ सिंह ने ट्रैकसूट और टी-शर्ट भेंटकर उनके खेल योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर भोलानाथ सिंह ने कहा कि हॉकी झारखंड राज्य में खेल के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। झारखंड की हॉकी को पहचान दिलाने वाले पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, अनुभवी खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों का सम्मान करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों का अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। हॉकी झारखंड पूर्व और वर्तमान खिलाड़ियों के सहयोग का हमेशा स्वागत करता है।
उल्लेखनीय है कि सावित्री पूर्ति झारखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने रांची रेलवे में अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्ति प्राप्त की। खास बात यह है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका हॉकी से जुड़ाव और समर्पण कम नहीं हुआ है। वह आज भी हॉकी झारखंड की विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रमों और खिलाड़ियों के चयन ट्रायल में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने अनुभव साझा कर रही हैं।
सावित्री पूर्ति का सम्मान केवल एक पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का अभिनंदन नहीं, बल्कि झारखंड में महिला हॉकी की नींव रखने वाली उस पीढ़ी के योगदान का सम्मान है, जिसने सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में पहचान दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया।
