बीहू आनंद: जो नया परिवेश रचती हैं

कला और संस्कृति की समझ बिरासत में मिली

जयंत सिंह तोमर

भोपाल। पिछले दिनों बीहू आनंद की पाटरी वर्कशॉप देखने का अवसर मिला। भोपाल के लीला अतुल्यम की छठवीं मंजिल में बालकनी में रखी मिट्टी की कलाकृतियां पकाने की भट्टी को जब वे मुझे दिखा रही थीं तब उनकी आंखों में एक खास चमक थी। वे धीरे से मुस्कुराती हुई मेरी तरफ़ देख कर बोलीं- ' यह मेरी अपनी है, इसे मैं ' ओन ' करती हूं।'

उस क्षण ऐसा लगा कि त्रैलोक्य की सारी सम्पदा उस रुपहली भट्टी में समाहित है और उसकी स्वामिनी किसी वैदुर्यमणि की तरह उसका अवलोकन मुझे करा रही हैं। बीहू को मिट्टी की कलाकृतियां बनाते, उन्हें भट्टी में पकाते कितना समय हो गया यह तो नहीं मालूम, लेकिन पिछले साल भोपाल में गौहर- महल के पौटरी- फेस्टिवल में उनके बनाए मिट्टी के आभूषण मैंने देखे थे। उनमें फूलदान से लेकर कान के आभूषण तक बहुत कुछ था।

बहुत साल हो गये जब बीहू की इस बात ने मुझे चौंका दिया था कि सिंधु घाटी की लिपि में लिखी इबारत को पढ़ने की वे कोशिश करेंगी। तब मुझे जेम्स प्रिंसेप की याद आई थी जिन्होंने ब्राम्ही लिपि को ' डेसीफर ' किया था और तब पता चला कि ' देवानां प्रियदर्शी 'अशोक नाम का कोई महान सम्राट तेईस सौ साल पहले हुआ था जिसके शिलालेख और स्तूप जम्बुद्वीप में बिखरे हुए हैं। प्रिंसेप अगर न पढ़ते तो अशोक और उसके युग के बारे में हम कितना जानते?

बीहू की विशेष रुचि तिब्बत की संस्कृति और वहां के लोगों में भी है। लद्दाख में बना ल्हासा के पोटाला महल जैसा एक मठ उनके बनाए कला- संग्रह का खास हिस्सा है। तिब्बत से निर्वासित लोग भारत में कैसे और कहां रह रहे हैं यह जानने में उनकी गहरी रुचि है।

बीहू के पिता श्री अनिल सिंह बच्चों की शिक्षा के एक बड़े मर्मज्ञ हैं। गुरुचरण दास की पुस्तक ' डिफ़िकल्टीज़ आफ़ बींग गुड ' का हिन्दी अनुवाद कर अनुवादक के रूप में भी अपनी प्रतिभा के एक आयाम से परिचित कराया है। ' इकतारा ' के लिए लिखी गई ' चमनलाल का पाजाम ' बच्चों में एक लोकप्रिय कृति है। लगभग इकतीस साल पहले विद्यार्थी जीवन में रूम- पार्टनर के रूप में  कुछ समय उनके साथ बिताने का अवसर मुझे मिला। उनकी गायन प्रतिभा से अनगिनत लोग परिचित हैं।

अनिल जी की जीवनसंगिनी डॉ. अंजना त्रिवेदी ' हंगर प्रोजेक्ट ' और अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी की महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जुड़ी रही हैं। रजनीगंधा के फूलों से उनका विशेष प्रेम है। रचनात्मकता के साथ कला और संस्कृति की समझ बीहू को बिरासत में भी मिली है और कुछ उन्होंने स्वयं अर्जित की है। रवीन्द्रनाथ टैगोर ने कहा था कि मनुष्य अपनी परिस्थितियों की उपज तो होता ही है, लेकिन वह नया परिवेश बनाता भी है। बीहू आनंद उन्हीं में से हैं जो अपनी मौजूदगी से नया परिवेश बनाती हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स