राजस्थान के कोटा की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश का मान
फिनलैंड में अरुंधति चौधरी ने लहराया तिरंगा, तम्मेर कप में जीता स्वर्ण
खेलपथ संवाद
कोटा। राजस्थान के कोटा की प्रतिभाशाली बॉक्सर अरुंधति चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को गौरवान्वित किया है। फिनलैंड में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित प्रतिष्ठित तम्मेर कप बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अरुंधति ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने आयरलैंड की बॉक्सर एवलिन ईघरो को पराजित कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
कोटा महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी अरुंधति ने प्रतियोगिता में शुरुआत से ही दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में मेजबान फिनलैंड की विलमा कूसीक्को को हराया, जबकि सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की बीलोओलुना को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में आयरलैंड की एवलिन ईघरो को हराकर उन्होंने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
अरुंधति के बेसिक कोच अशोक गौतम के अनुसार, इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ओलंपिक भार वर्ग के शीर्ष आठ खिलाड़ियों ने अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया। भारत की ओर से सात महिला और सात पुरुष मुक्केबाजों ने प्रतियोगिता में भाग लिया था। ऐसे मजबूत अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धी माहौल में अरुंधति का स्वर्ण पदक जीतना उनकी मेहनत, प्रतिभा और निरंतर अभ्यास का प्रमाण है। अरुंधति की इस उपलब्धि पर उनके पिता एवं कोटा बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष सुरेश चौधरी, माता सुनीता चौधरी सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। कोटा की इस बेटी ने एक बार फिर साबित किया है कि भारतीय महिला मुक्केबाजी में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। फिनलैंड की धरती पर तिरंगा लहराकर अरुंधति ने न केवल कोटा, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
